Patna News:खान सर कोचिंग मारपीट मामले में कार्रवाई, ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर समेत 3 अरेस्ट

मंगलवार रात कोचिंग सेंटर के बाहर लगे होर्डिंग को फाड़ दिया गया। और सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की गई। शुरुआती जांच में फायरिंग की बात सामने आई थी, लेकिन जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हमले में गार्ड घायल, इलाज जारी
मंगलवार देर रात मुसल्लहपुर इलाके में स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर कुछ लोगों ने उत्पात मचाया। आरोपियों ने संस्थान के बाहर लगे होर्डिंग बोर्ड पर ईंट-पत्थर फेंककर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान वहां तैनात सुरक्षा गार्ड चुनचुन के साथ भी मारपीट की गई। हमले में गार्ड के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ये भी पढ़ें: बिल्डर की रैकी करने इंदौर आता था लारेंस गैंग का गुर्गा: अब एसटीएफ करेगी पूछताछ
सीसीटीवी में फायरिंग की पुष्टि नहीं
घटना के तुरंत बाद फायरिंग की आशंका जताई गई थी, लेकिन पुलिस की जांच में यह दावा सही नहीं पाया गया। अधिकारियों ने कोचिंग सेंटर और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की। फुटेज में केवल पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की घटनाएं दिखाई दीं। पुलिस का कहना है कि अब तक किसी भी प्रकार की गोलीबारी के सबूत सामने नहीं आए हैं।
आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस
कोचिंग संस्थान की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में चार नामजद और कई अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों और शिकायत में दर्ज तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी है।
ये भी पढ़ें: प्रयागराज में कारोबारी परिवार का सफाया! एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या, दीवार पर लिखा मिला- 'बहू ने मारा है'
ज्ञान बिंदु कोचिंग का संचालक गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक ज्ञान बिंदु कोचिंग का संचालक भी शामिल है। उसे पूछताछ के लिए थाने में रखा गया है, जहां विशेष टीम लगातार उससे जानकारी जुटा रही है। जांच एजेंसियां यह जानने का प्रयास कर रही हैं कि घटना के पीछे कोई साजिश या प्रतिस्पर्धी विवाद तो नहीं था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दी जा रही है।












