बिल्डर की रैकी करने इंदौर आता था लारेंस गैंग का गुर्गा:अब एसटीएफ करेगी पूछताछ

25 हजार के इनामी आरोपी राहुल बाबा का रिमांड खत्म, जेल भेजा गया; अब एसटीएफ करेगी पूछताछ, मोबाइल और कॉल डिटेल से खंगाले जा रहे गैंग के नेटवर्क।
अब एसटीएफ करेगी पूछताछ

इंदौर में बिल्डरों को लारेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकाने और रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तार आरोपी राहुल उर्फ बाबा ने पूछताछ में कई अहम खुलासे किए हैं। क्राइम ब्रांच की विशेष जांच टीम (एसआईटी) के अनुसार राहुल बाबा ने स्वीकार किया है कि वह अपने साथियों के साथ इंदौर आकर बिल्डर विवेक दम्मानी की रेकी करता था।  25 हजार रुपये के इनामी आरोपी राहुल बाबा को हाल ही में क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। अब राज्य स्तरीय एसटीएफ उसे जेल से रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।

और पढ़ें: सीहोर में शर्मनाक वारदात! घर में घुसकर विवाहिता से दुष्कर्म, पहले पति को पीटा फिर बंधक बनाया, आरोपी गिरफ्तार

लारेंस गैंग के नाम पर दी जा रही थीं धमकियां

क्राइम ब्रांच शहर के प्रमुख बिल्डरों विवेक दम्मानी और संजय जैन को लारेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर के नाम पर मिली धमकियों की जांच कर रही है। इस मामले में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। संजय जैन से जुड़े मामले सहित प्रदेशभर के करीब एक दर्जन मामलों की जांच एसटीएफ कर रही है। इंदौर पुलिस ने भी संजय जैन से जुड़े प्रकरण को एसआईटी के हवाले कर दिया है।

और पढ़ें: El Nino Alert 2026! क्या इस बार कमजोर पड़ सकता है मानसून? दुनिया और भारत के लिए बढ़ी चिंता

कसरावद फायरिंग कांड से भी जुड़ा नाम

पुलिस के अनुसार राहुल बाबा का नाम कसरावद में एक कॉटन व्यापारी के घर हुई फायरिंग की घटना में भी सामने आया था। पूछताछ में उसने यह भी स्वीकार किया कि फायरिंग की वारदात को अंजाम देने के लिए उसने अपने लोगों को भेजा था। जांच एजेंसियों को संदेह है कि प्रदेश में सक्रिय रंगदारी और धमकी के कई मामलों में राहुल बाबा की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।

और पढ़ें: खान सर का बड़ा आरोप: दो दिन में कोचिंग उड़ाने की मिली थी धमकी, ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर समेत 3 गिरफ्तार

मोबाइल और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस

क्राइम ब्रांच ने राहुल बाबा के कब्जे से एक कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जांच एजेंसियां मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य डिजिटल डेटा की जांच कर रही हैं, ताकि गैंग से जुड़े अन्य आरोपियों और संपर्कों की जानकारी जुटाई जा सके।पुलिस का मानना है कि डिजिटल साक्ष्यों से गैंग के नेटवर्क और उसके संचालन से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।

और पढ़ें: Power Cut Alert! भोपाल के 45 से ज्यादा इलाकों में कल बिजली कटौती, जरूरी काम पहले निपटा लें

एसटीएफ करेगी आगे की पूछताछ

सूत्रों के अनुसार एसटीएफ पहले ही इस मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों को जेल से रिमांड पर लेकर भोपाल में पूछताछ कर रही है। अब राहुल बाबा को भी रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है, जिससे रंगदारी, फायरिंग और रेकी से जुड़े मामलों की कड़ियां जोड़ी जा सकें।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts