Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

खजुराहो : हॉस्टल में दूसरी कक्षा के छात्र की संदिग्ध मौत, शरीर पर नीले निशान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

खजुराहो : हॉस्टल में दूसरी कक्षा के छात्र की संदिग्ध मौत, शरीर पर नीले निशान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    खजुराहो। मध्यप्रदेश के खजुराहो स्थित ज्ञान गंगा स्कूल के हॉस्टल में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। स्कूल में दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले 7 वर्षीय छात्र अनुराग पटेल की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों में गहरा शोक है।

    छात्र के रूममेट्स ने जब सुबह उसे जगाने की कोशिश की, वह नहीं उठा। इसके बाद स्कूल प्रबंधन को सूचना दी गई, जिसने पुलिस और परिजनों को मामले की जानकारी दी।

    रात तक स्वस्थ था बच्चा

    मृतक छात्र के पिता बबलू पटेल ने बताया कि करीब एक महीने पहले ही उन्होंने अनुराग का एडमिशन खजुराहो के ग्राम गंज स्थित ज्ञान गंगा स्कूल में कराया था। अनुराग स्कूल परिसर में बने हॉस्टल में अन्य छात्रों के साथ रह रहा था।

    पिता ने बताया कि "रविवार रात तक अनुराग पूरी तरह स्वस्थ था, लेकिन सोमवार सुबह 6 बजे स्कूल संचालक प्रमोद त्रिवेदी का कॉल आया कि बच्चे की तबीयत खराब है। जब हम स्कूल पहुंचे, तो हमें बताया गया कि उसकी मौत हो चुकी है। बबलू पटेल ने बताया कि अनुराग को किसी तरह की कोई बीमारी नहीं थी, इसलिए यह मौत असामान्य और संदिग्ध प्रतीत हो रही है।

    शरीर पर नीले निशान

    बमीठा थाना प्रभारी आशुतोष सिंह ने बताया कि मृतक के शरीर पर नीलेपन के निशान पाए गए हैं। इससे प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि यह मामला आंतरिक स्वास्थ्य समस्या, दम घुटने, जहरीले कीड़े के काटने या कोई जहरीला पदार्थ देने से जुड़ा हो सकता है। थाना प्रभारी ने कहा कि "शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं हैं। मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।"

    स्कूल प्रशासन ने हॉस्टल संचालन से किया इंकार

    ज्ञान गंगा स्कूल के संचालक प्रमोद त्रिवेदी ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा कि उनका संस्थान केवल स्कूल चलाता है, न कि हॉस्टल। उन्होंने कहा कि हम केवल दूरदराज से आने वाले बच्चों की सुविधा के लिए ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था करते हैं, इसे हॉस्टल नहीं कहा जा सकता।

    त्रिवेदी ने बताया कि रविवार रात को सभी बच्चे मस्ती कर रहे थे और अनुराग बिल्कुल सामान्य लग रहा था। लेकिन सुबह जब बच्चे जागे तो अनुराग मृत अवस्था में मिला।

    ये भी पढ़ें: भोपाल : ड्रग तस्कर शाहवर मछली की दुबई में भी प्रॉपर्टी, 100 करोड़ के लेन-देन की पुष्टि, मोबाइल चैट से खुलासा

    Vaishnavi Mavar
    By Vaishnavi Mavar

    Latest Posts