🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

कटनी में कीचड़ और दलदल से गुजरकर स्कूल जाने को मजबूर बेटियां, हादसों के साये में बचपन

कटनी जिले के विजयराघवगढ़ और बड़वारा विधानसभा क्षेत्रों में बारिश ने ग्रामीण सड़कों की बदहाली उजागर कर दी है। मथुरा कॉलोनी में कीचड़ से स्कूली छात्राएं चोटिल हो रही हैं, जबकि पड़रिया गांव में कच्ची सड़क के कारण एंबुलेंस नहीं पहुंच पाती। निजी जमीन की सहमति का पेंच सड़क निर्माण में बाधा बना हुआ है।
Follow on Google News
कटनी में कीचड़ और दलदल से गुजरकर स्कूल जाने को मजबूर बेटियां, हादसों के साये में बचपन
कटनी केे बड़वारा और विजयराघवगढ़ में स्कूली छात्राओं की राह आसान नहीं है।

कटनी। जिले में इस मानसून की बारिश ने जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बुनियादी ढांचे से जुड़े तमाम दावों की हवा निकाल दी है। जिले के दो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों विजयराघवगढ़ और बड़वारा से बेहद चिंताजनक तस्वीरें सामने आई हैं। आजादी के सात दशक बाद भी पक्की सड़क न होने के कारण यहाँ के ग्रामीण और स्कूली बच्चे जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं।

केस-1: विजयराघवगढ़ की मथुरा कॉलोनी में कीचड़ का साम्राज्य, छात्राएं हो रहीं चोटिल

विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हदरहटा स्थित मथुरा कॉलोनी में हालात बेहद विकराल हैं। भारी बारिश के कारण मुख्य मार्ग पूरी तरह कीचड़ और दलदल में बदल चुका है, जिससे दोपहिया वाहनों का निकलना भी हादसों को बुलावा देना जैसा है। हाल ही में सड़क पर फिसलकर चोटिल हुई स्कूली बच्चियों ने एक वीडियो जारी कर अपना दर्द बयां किया है। छात्राओं का कहना है कि ‘सड़क पर इतना कीचड़ है कि हम आए दिन गिरकर चोटिल हो जाते हैं। कपड़े खराब हो जाते हैं और चोट लगने से पढ़ाई का नुकसान होता है। अगर सड़क जल्द नहीं बनी, तो हमारी शिक्षा पूरी तरह ठप हो जाएगी।’

केस 2 : बड़वारा में एंबुलेंस तक नहीं पहुंच पाती, निजी जमीन के पेंच में फंसा विकास 

बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बरेली रामपुर के आश्रित गांव पड़रिया का है। लगभग 100 लोगों की आबादी वाले इस गांव की 1 से 1.5 किलोमीटर की सड़क पूरी तरह कच्ची है। बारिश में एंबुलेंस न पहुंच पाने के कारण गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को खाट पर लादकर मुख्य मार्ग तक पहुँचाना पड़ता है। ग्राम पंचायत की सरपंच सरोज त्रिपाठी के अनुसार, सड़क के रास्ते में लगभग 40 से 50 किसानों के खेत आ रहे हैं, जिनमें से 5 किसानों की निजी जमीन के कारण भू-स्वामी अपनी सहमति नहीं दे रहे हैं। इसी पेंच की वजह से निर्माण कार्य अटका हुआ है।

ये भी पढ़ें: उज्जैन: नागचंद्रेश्वर मंदिर में ऑनलाइन बुकिंग शुरू, 17 अगस्त की रात खुलेंगे पट; 300 रुपए में शीघ्र दर्शन की सुविधा

वैकल्पिक व्यवस्था जल्द बनाने  की तैयारी

‘पड़रिया गांव की समस्या और स्कूली बच्चों की कठिनाइयों का मामला संज्ञान में आया है। निजी भूमि के स्वामित्व और सहमति के मुद्दे पर जल्द ही संबंधित पक्षों से वार्ता की जाएगी। हमारी प्राथमिकता है कि कोई वैकल्पिक या स्थायी व्यवस्था जल्द से जल्द बनाई जाए ताकि बच्चों की शिक्षा और ग्रामीणों का आवागमन सुचारू हो सके।’

निधि गोहल, एसडीएम

ये भी पढ़ें: भोपाल के बड़े तालाब में 350 नौकाओं में निकली तिरंगा यात्रा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शामिल होकर बढ़ाया उत्साह

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

icon

Latest Posts