कटनी में मैरिज गार्डन संचालकों को पुलिस की सख्त हिदायत, सड़क पर पार्किंग और रात 10 बजे के बाद DJ पर रोक

कटनी। शादी और अन्य मांगलिक आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा संबंधी समस्याओं को रोकने के लिए कटनी पुलिस ने मैरिज गार्डन संचालकों के साथ बैठक की। 27 नवंबर 2026 को कोतवाली थाना परिसर में आयोजित बैठक में संचालकों और प्रबंधकों को आयोजन के दौरान पार्किंग, सुरक्षा, ध्वनि प्रदूषण और अग्नि सुरक्षा से जुड़े जरूरी निर्देश दिए गए।
बैठक पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा की अध्यक्षता में हुई। इसमें कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे, यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर और शहर के विभिन्न मैरिज गार्डन के संचालक एवं मैनेजर मौजूद रहे।
शादी समारोह की जिम्मेदारी सिर्फ मैरिज गार्डन संचालकों की नहीं
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विवाह समारोह के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना सभी संबंधित पक्षों की जिम्मेदारी है। इसमें मैरिज गार्डन संचालकों के साथ आयोजक, बैंड-बाजा पार्टी, DJ और कैटरिंग संचालक भी शामिल हैं। पुलिस ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विवाह समारोह और बड़े आयोजन की तारीख, समय और अनुमानित मेहमानों की संख्या की जानकारी संबंधित थाने को पहले से देनी होगी।
सड़क और फुटपाथ पर पार्किंग की अनुमति नहीं
मैरिज गार्डन संचालकों को परिसर के भीतर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क, फुटपाथ और मुख्य मार्ग पर किसी भी स्थिति में वाहनों की पार्किंग नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पार्किंग कर्मचारियों की तैनाती भी अनिवार्य की गई है। बारात, बैंड-बाजा और DJ के दौरान भी यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। आयोजकों और संबंधित संचालकों को यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
रात 10 बजे के बाद DJ और तेज आवाज पर प्रतिबंध
पुलिस ने ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल को लेकर भी निर्देश दिए। DJ और लाउडस्पीकर का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा और ध्वनि मानकों के अनुसार ही करना होगा। रात 10 बजे के बाद प्रतिबंधित तरीके से ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग नहीं किया जा सकेगा।
महिलाओं और मेहमानों की सुरक्षा के लिए CCTV जरूरी
मैरिज गार्डन में आने वाली महिलाओं और अन्य मेहमानों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया है। पुलिस ने सभी CCTV कैमरों को चालू और क्रियाशील रखने तथा प्रवेश और निकास द्वारों पर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कैटरिंग स्टाफ, वेटर, सफाईकर्मी, सुरक्षा गार्ड और अन्य कर्मचारियों की नामवार सूची व पहचान संबंधी दस्तावेज रखने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन भी कराया जाएगा।
अग्नि सुरक्षा और इमरजेंसी एग्जिट पर भी जोर
पुलिस ने आगजनी और शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं से बचाव के लिए मैरिज गार्डन में अग्निशमन यंत्र, रेत-पानी और अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। विद्युत वायरिंग और अस्थायी बिजली कनेक्शन सुरक्षित होने चाहिए। साथ ही प्रवेश और निकास के लिए अलग व सुगम रास्ते रखने और आपातकालीन निकास द्वार को अवरोधमुक्त रखने को कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहन आसानी से पहुंच सकें।
कटनी पुलिस की आयोजकों से अपील
कटनी पुलिस ने मैरिज गार्डन संचालकों और विवाह समारोह के आयोजकों से अपील की है कि वे शादी जैसे खुशी के आयोजनों को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। आम नागरिकों का रास्ता बाधित न हो और एम्बुलेंस सहित आपातकालीन सेवाओं को आवागमन में परेशानी न आए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। पुलिस का उद्देश्य है कि शादी समारोह की खुशियां बनी रहें, आम नागरिकों का रास्ता न रुके और हर आयोजन सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।




















