कटनी में वकीलों का उग्र प्रदर्शन; नगर निगम के गेट पर ताला जड़ा, अंदर महिला कर्मचारी और नागरिक फंसे, पांच घंटे चला हंगामा

कटनी। वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक जैन के साथ नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते के कर्मचारियों द्वारा कथित अभद्रता के विरोध में गुरुवार को अधिवक्ताओं का आंदोलन उग्र हो गया। पांच घंटे से अधिक समय तक चले प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित अधिवक्ताओं ने नगर निगम कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। इससे परिसर के भीतर महिला कर्मचारियों और अपने काम से पहुंचे आम नागरिकों के बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया। हालात ऐसे बन गए कि परिसर के अंदर मौजूद लोगों को बंधक जैसे हालात का सामना करना पड़ा।
चांडक चौक से बस स्टैंड तक लगी वाहनों की कतारें
इधर, नगर निगम के सामने मुख्य मार्ग पर धरना और चक्काजाम के कारण शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। चांडक चौक से लेकर बस स्टैंड तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वैकल्पिक मार्गों पर भी यातायात का दबाव बढ़ने से लोग घंटों जाम में फंसे रहे। दोपहर में स्कूलों की छुट्टी के बाद घर लौट रहे बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और अस्पताल जाने वाले मरीज भी जाम में परेशान होते रहे। बसों के संचालन पर भी असर पड़ा।
मौके पर नहीं पहुंचे प्रशासन के बड़े अधिकारी
इस पूरे घटनाक्रम में जिला प्रशासन की भूमिका भी सवालों के घेरे में रही। प्रदर्शन के उग्र होने और मुख्य गेट पर तालाबंदी के बावजूद कलेक्टर, एडीएम, एसडीएम या तहसीलदार की मौके पर मौजूदगी नजर नहीं आई। बड़े प्रदर्शन और तनावपूर्ण हालात में कानून-व्यवस्था संभालने के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की तैनाती और प्रशासनिक समन्वय की जरूरत होती है। इसके बावजूद समय रहते प्रभावी हस्तक्षेप क्यों नहीं हुआ, यह सवाल उठ रहा है। ट्रैफिक डायवर्जन की ठोस व्यवस्था नहीं होने से शहरवासियों की परेशानी और बढ़ गई।
संवाद होता तो नहीं बिगड़ते हालात
अधिवक्ताओं की प्रमुख मांग अतिक्रमण शाखा प्रभारी मानवेन्द्र सिंह को तत्काल पद से हटाने की है। उनका आरोप है कि सोमवार शाम घंटाघर क्षेत्र में कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक जैन के साथ अभद्रता की गई थी। इसी के विरोध में मंगलवार को भी नगर निगम का घेराव किया गया था। गुरुवार को आंदोलन ने उग्र रूप ले लिया। निगमायुक्त तपस्या परिहार और जिला प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों से समय रहते संवाद स्थापित कर समाधान निकालने की पहल नहीं होने पर भी सवाल उठे। एक ओर पुलिस बल निगम के सामने स्थिति संभालने में लगा रहा, दूसरी ओर पूरा शहर जाम से जूझता रहा। अधिवक्ताओं के आंदोलन के बीच आम नागरिकों को हुई परेशानी ने विरोध के तरीके पर भी सवाल खड़े किए हैं। समाचार लिखे जाने तक तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी।




















