Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कटनी ज्वेलरी शोरूम चोरी: कोलकाता से धराया गैंग का झारखंड निवासी एक सदस्य, पुलिस ने रिमांड पर लेकर शुरू की पूछताछ

कटनी के बरगवां स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम से 12 करोड़ रुपए के जेवरात चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य बदरुद्दीन शाह को पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है। झारखंड के साहिबगंज निवासी आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर कटनी लाकर अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। हालांकि, चोरी के जेवरात अभी बरामद नहीं हुए हैं। 
कटनी ज्वेलरी शोरूम चोरी: कोलकाता से धराया गैंग का झारखंड निवासी एक सदस्य,  पुलिस ने रिमांड पर लेकर शुरू की पूछताछ
कटनी में बरगवां स्थित ज्वेलरी शोरूम, जहां से 12 कराेड़ रुपए के जेवरों की चोरी की गई।

कटनी। बरगवां स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम से 12 करोड़ रुपए के जेवरात चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को कटनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान झारखंड के साहिबगंज निवासी बदरुद्दीन शाह के रूप में हुई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने बताया कि तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की सूचना पर पुलिस टीम ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दबिश देकर बदरुद्दीन को दबोचा। ट्रांजिट रिमांड पर कटनी लाने के बाद रविवार को उसे जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने पूछताछ के लिए उसे रिमांड पर लिया है। हालांकि, आरोपी के पास से अभी चोरी का माल बरामद नहीं हो सका है। पुलिस उससे गिरोह के अन्य साथियों और जेवरात के ठिकाने के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।

ये भी पढ़ें: कटनी में किसना ज्वेलर्स शोरूम से 12 करोड़ की ज्वेलरी चोरी, दीवार में सेंध लगाकर घुसे चोर; सोने और हीरे के जेवर लेकर फरार

दीवार पर बनाया था पौने दो फीट का छेद

गौरतलब है कि गुरुवार को बदमाशों ने शोरूम की पिछली ईंट की दीवार में सब्बल से पौने दो फीट का छेद कर इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। आवाज दबाने के लिए शातिर चोरों ने टूटी दीवार के नीचे पत्ते बिछाए थे। जांच में खुलासा हुआ कि चोरी में प्रयुक्त पेचकस और पाना मुंबई से खरीदे गए थे, जबकि गैस कटर और ऑक्सीजन सिलेंडर स्थानीय स्तर पर जुटाए गए थे। पुलिस ने शोरूम के पीछे लाल पहाड़ी से ये उपकरण बरामद भी किए हैं। वारदात के वक्त सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई थी। शोरूम में 32 सीसीटीवी कैमरे होने के बावजूद बदमाशों ने पहले ही कनेक्शन काट दिया था, वहीं पिछली तरफ अंधेरा होने का भी उन्हें फायदा मिला। शोरूम में लॉकर की व्यवस्था न होने के कारण दीपावली के लिए मंगाया गया सारा अतिरिक्त स्टॉक डिस्प्ले काउंटर में ही रखा था, जिस पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। 

ये भी पढ़ें: कटनी में पुलिस कस्टडी से फरार हुए तीन आरोपी, जेल गेट के सामने दिया चकमा; एक दोबारा पकड़ाया

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts