Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

'नेता अंबेडकर का नाम तो लेते हैं, पर सीएम किसी आदिवासी को नहीं, अपने बेटे-भाई को बनाते हैं', विधायक पन्नालाल शाक्य ने दिखाए तीखे तेवर

गुना में जनजातीय गौरव दिवस समारोह के दौरान विधायक पन्नालाल शाक्य ने आदिवासी पहचान, जातिगत विभाजन और राजनीतिक परिवारवाद पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का नाम तो सभी लेते हैं, लेकिन कभी वंचित वर्ग के व्यक्ति को मुख्यमंत्री नहीं बनाया गया। उनके बयान से राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई।
'नेता अंबेडकर का नाम तो लेते हैं, पर सीएम किसी आदिवासी को नहीं, अपने बेटे-भाई को बनाते हैं', विधायक पन्नालाल शाक्य ने दिखाए तीखे तेवर
गुना में जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक पन्नालाल शाक्य और अन्य अतिथि शामिल हुए।

गुना। शहर के रविवार को आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह के दौरान गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने अपने बयान से राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक ने बिना नाम लिए देश और प्रदेश के बड़े राजनीतिक दलों तथा शीर्ष नेतृत्व पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज कुछ बड़े नेता मंचों से बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का नाम तो बहुत सुंदर ढंग से लेते हैं, लेकिन उनके मुंह से कभी यह सुनने को नहीं मिला कि समाज के किसी सामान्य आदिवासी या वंचित वर्ग के व्यक्ति को मुख्यमंत्री बना दिया जाए। परिवारवाद पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति में तो बस यही चल रहा है कि कुर्सी पर या तो नेता का बेटा बैठेगा या फिर उनका भाई ही काबिज होगा। हम सब इसी परिवारवाद और जातिगत राजनीति के चक्रव्यूह में फंसकर रह गए हैं।

इस देश में कोई आदिवासी नहीं, सब वनवासी और गिरिवासी

अपने संबोधन को आगे बढ़ाते हुए विधायक शाक्य ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन दर्शन को याद किया और देश की मौजूदा सामाजिक व्यवस्था पर तीखा सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि आज देश की व्यवस्था में समाज को कई प्रकार के भेदों में बांट दिया गया है, जबकि मूल रूप से ऐसे कोई भेद नहीं थे। न कोई आदिवासी था, न कोई पुरावासी था, न कोई जनजाति थी, न ही अनुसूचित जाति, अगड़े और पिछड़े जैसी कृत्रिम दीवारें थीं। समाज को टुकड़ों में बांटकर आपस में उलझाए रखना और अपना राजनीतिक राज कायम रखना ही कुछ ताकतों का मुख्य एजेंडा बन गया है, जो आज भी बदस्तूर जारी है। इस दौरान विधायक ने आदिवासी शब्द की परिभाषा पर अपनी वैचारिक बात रखते हुए एक नया शिगूफा छोड़ा। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि इस देश में कोई भी आदिवासी नहीं है। जो पहाड़ों और पर्वतों पर निवास करते हैं, वे गिरिवासी हैं; जो घने जंगलों में रहते हैं, वे वनवासी हैं; जो गांवों में बसते हैं, वे ग्रामवासी हैं और जो शहरों में जीवनयापन करते हैं, वे नगरवासी हैं। समाज का विभाजन मूल रूप से इन्हीं भौगोलिक और आवासी आधारों पर हुआ था। यदि कुछ लोग अपने आपको ही सिर्फ आदिवासी मान बैठे हैं, तो फिर सवाल यह उठता है कि बाकी समाज क्या है? क्या हम सब देश के बाहर से आए हैं? हमारे जिलाध्यक्ष या अन्य लोग क्या इस देश के मूल निवासी नहीं हैं? कुछ लोग समाज को तोडऩे के लिए इस तरह के कृत्रिम शब्दों का प्रोपेगेंडा फैला रहे हैं, जबकि हकीकत इसके विपरीत है।

ये भी पढ़ें: गुना में बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर निकली सांस्कृतिक रैली, लोकनृत्यों से दिखी जनजातीय परंपराओं की झलक

पहली बार किसी सरकार ने जनजाति समाज के उत्थान, गौरव,अधिकारों की चिंता की

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार ने सभी को जनजातीय गौरव दिवस की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था। देश की आजादी के बाद पहली बार किसी सरकार ने जनजाति समाज के उत्थान, गौरव और उनके अधिकारों की वास्तविक चिंता की है। प्रधानमंत्री का विजन है कि समाज का अंतिम छोर पर बैठा व्यक्ति भी मुख्यधारा से जुड़े और उसका भविष्य उज्जवल हो। आज यह देश के लिए बड़े गर्व की बात है कि देश का सर्वोच्च संवैधानिक पद यानी राष्ट्रपति का पद द्रौपदी मुर्मू जैसी योग्य महिला सुशोभित कर रही हैं, जो इसी जनजाति समाज से ताल्लुक रखती हैं। वर्तमान सरकार जनजातीय वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर काम कर रही है।

प्रतिभावान बच्चों का किया सम्मान

कार्यक्रम के अंत में खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मेडल हासिल करने वाले जनजातीय वर्ग के प्रतिभावान बच्चों को मंच पर सम्मानित किया गया। मुख्य कार्यक्रम के पश्चात शहर में एक भव्य जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और नागरिकों ने हिस्सा लिया। यह रैली आंबेडकर चौराहे से शुरू होकर हनुमान चौराहा, हाट रोड और जगदीश कॉलोनी जैसे मुख्य मार्गों से होते हुए वापस आंबेडकर चौराहे पर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे आयोजन के दौरान स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। 

ये भी पढ़ें: गुना पुलिस को बड़ी सफलता: 1.20 लाख का इनामी अभिषेक पारदी 62 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार, अपाचे बाइक भी जब्त

Rajkumar Rajak
By Rajkumar Rajak

Latest Posts