गुना में बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर निकली सांस्कृतिक रैली, लोकनृत्यों से दिखी जनजातीय परंपराओं की झलक
गुना। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर रविवार को गुना में जनजातीय गौरव, संस्कृति और परंपराओं का भव्य संगम देखने को मिला। जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़े के अंतर्गत जिला पंचायत विश्राम गृह में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ।
विधायक पन्नालाल शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार एवं कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया। एकलव्य एवं सांदीपनि विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक जनजातीय लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
शासकीय योजनाओं की लगाई प्रदर्शनी
इस अवसर पर विधायक पन्नालाल शाक्य ने सामाजिक समरसता, समानता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का संदेश देते हुए भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष एवं योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने शासकीय योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई। संभागीय स्पोर्ट्स मीट एवं योग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एकलव्य आवासीय विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
सीहोर में जनजातीय गौरव दिवस पर दिखा उत्साह, ढोल-मांदल की थाप पर थिरके युवा
निकली भव्य सांस्कृतिक रैली
जयंती के अवसर पर जिला पंचायत विश्राम गृह से हनुमान चौराहा और हाट रोड होते हुए अंबेडकर चौराहे तक भव्य सांस्कृतिक रैली निकाली गई। छात्राओं की पारंपरिक प्रस्तुतियों ने जनजातीय संस्कृति और विरासत का गौरवशाली स्वरूप प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर डॉ. संजीव खेमरिया, डिप्टी कलेक्टर महिमा चौधरी, देवांशु शिवहरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।























