Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गांधीवादी डॉ. राजगोपाल पीव्ही नागपुर में विश्व शांति महासम्मेलन के मुख्य अतिथि होंगे, 25 दिसंबर से आयोजन

प्रख्यात गांधीवादी डॉ. राजगोपाल पीव्ही ने नागपुर में 25 से 27 दिसंबर तक होने वाले विश्व शांति महासम्मेलन का आमंत्रण स्वीकार किया।
गांधीवादी डॉ. राजगोपाल पीव्ही नागपुर में विश्व शांति महासम्मेलन के मुख्य अतिथि होंगे, 25 दिसंबर से आयोजन

जौरा।  गरीबों, वंचितों और आदिवासी समुदायों के जल, जंगल एवं जमीन के अधिकारों के लिए अहिंसक आंदोलनों तथा गांधीवादी पदयात्राओं के माध्यम से सामाजिक न्याय और विश्व शांति की दिशा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रख्यात गांधीवादी, सर्वोदय नेता एवं एकता परिषद के संस्थापक तथा जापान के प्रतिष्ठित 'निवानो शांति पुरस्कार' से सम्मानित डॉ. राजगोपाल पीव्ही को नागपुर (महाराष्ट्र) में 25, 26 एवं 27 दिसंबर को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय विश्व शांति महासम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

महात्मा गांधी सेवा आश्रम, जौरा (जिला मुरैना) में अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त गांधीवादी सामाजिक कार्यकर्ता एवं एकता परिषद की अंतरराष्ट्रीय संयोजक बहन जिल कार-हैरिस की गरिमामयी उपस्थिति में महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय विचार मंच के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय संयोजक तथा विश्व शांतिदूत डॉ. प्रकाश आर. अर्जुनवार ने डॉ. राजगोपाल पीव्ही से भेंट कर उन्हें नागपुर में आयोजित होने वाले इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का औपचारिक आमंत्रण प्रदान किया।

उल्लेखनीय है कि एकता सामाजिक शिक्षण संस्था, गढ़चिरोली तथा महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय विचार मंच, गढ़चिरोली (महाराष्ट्र) के संयुक्त तत्वावधान में 25, 26 एवं 27 दिसंबर को नागपुर, महाराष्ट्र में तीन दिवसीय 'सर्वधर्म समभाव, न्याय, समानता एवं विश्व शांति महासम्मेलन', 'गांधी की पाठशाला' तथा 'नशामुक्त भारत अभियान सम्मेलन' का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य गांधीवादी विचारधारा, अहिंसा, सामाजिक न्याय, समानता, धार्मिक सद्भाव और नशामुक्त समाज के निर्माण के संदेश को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाना है।

डॉ. राजगोपाल पीव्ही ने स्वीकार किया आमंत्रण

विश्व शांति, अहिंसा और सामाजिक सद्भाव के प्रखर प्रवक्ता डॉ. राजगोपाल पीव्ही ने 25 से 27 दिसंबर तक नागपुर में आयोजित होने वाले विश्व शांति महासम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण सहर्ष स्वीकार किया। उन्होंने आयोजन के उद्देश्यों एवं संगठन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आयोजकों को अपना आशीर्वाद और शुभकामनाएं प्रदान कीं। उन्होंने गांव-गांव में गांधी विचारों के प्रसार तथा समाज को शांति, सद्भाव और नशामुक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ाने के लिए व्यापक जनसहभागिता जुटाने पर भी बल दिया।

जहां गांव-जहां वार्ड, वहां गांधी की पाठशाला

इस अवसर पर विश्व शांतिदूत डॉ. प्रकाश आर. अर्जुनवार ने गांधी शांति यात्रा के संदर्भ में आयोजित विचार-विमर्श के दौरान 'गांधी की पाठशाला' की अवधारणा प्रस्तुत करते हुए आह्वान किया कि देश के प्रत्येक गांव और शहरी वार्ड में गांधी विचारों पर आधारित पाठशालाओं की स्थापना होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 'जहां गांव, वहां गांधी की पाठशाला और जहां वार्ड, वहां गांधी की पाठशाला' के संकल्प को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए सभी को सहयोग करना चाहिए।

उन्होंने मुरैना-ग्वालियर एवं चंबल अंचल के लोगों से भी विनोबा भावे, डॉ. एसएन सुब्बाराव और डॉ. राजगोपाल पीव्ही के शांति, अहिंसा एवं सामाजिक परिवर्तन के प्रयासों से प्रेरणा लेकर नागपुर में 25, 26 एवं 27 दिसंबर को होने वाले विश्व शांति महासम्मेलन में सहभागिता करने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने चंबल के आत्मसमर्पित पूर्व बागी साथियों सहित शांति और सद्भाव के पक्षधर सैकड़ों लोगों को नागपुर सम्मेलन में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

डॉ. अर्जुनवार ने डॉ. राजगोपाल को बताया अपना आदर्श

अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. प्रकाश आर. अर्जुनवार ने बताया कि वे वर्ष 1993 से गांधी विचारधारा के प्रचार-प्रसार एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। वर्ष 1996 में महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय विचार मंच का गठन कर उन्होंने गांधीवादी विचारों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास प्रारंभ किया। उन्होंने बताया कि देशव्यापी गांधी शांति यात्रा निकालने और अहिंसा के मार्ग पर निरंतर कार्य करने की प्रेरणा उन्हें महान गांधीवादी डॉ. राजगोपाल पीव्ही से मिली। उन्होंने डॉ. राजगोपाल पी. व्ही. को अपना आदर्श एवं प्रमुख मार्गदर्शक बताते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।

इस पर डॉ. राजगोपाल पीव्ही ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नागपुर में 25 से 27 दिसंबर तक आयोजित होने वाले महासम्मेलन के लिए गांव-गांव में जनसमर्थन जुटाने, गांधी की पाठशालाओं की स्थापना करने तथा इन प्रयासों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पत्रकार परिषद आयोजित कर मीडिया के माध्यम से व्यापक जनआह्वान करने की सलाह दी। उन्होंने डॉ. प्रकाश आर. अर्जुनवार के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें गढ़चिरोली से लेकर देशभर में गांधीवादी विचारधारा के प्रसार के लिए समर्पित एक सच्चा गांधीवादी कार्यकर्ता बताया।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर एकता परिषद की अंतरराष्ट्रीय गांधीवादी सामाजिक कार्यकर्ता बहन जिल कार-हैरिस, वरिष्ठ पत्रकार जगदीश शुक्ला, महात्मा गांधी सेवा आश्रम के सचिव दिलीप जैन, एकता परिषद के प्रदेश संयोजक डोंगर शर्मा, एडवोकेट दिनेश सिकरवार, शीतल जैन, एच एल ग्रुप शैक्षणिक संस्थान के डायरेक्टर एल. एन. त्यागी आत्मसमर्पित पूर्व बागी साथी बहादुर सिंह, कुलदीप तिवारी (बब्लू), अनिल गुप्ता तथा गांधी आश्रम के संयुक्त सचिव प्रफुल्ल श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

अपनी इस महत्वपूर्ण यात्रा के दौरान डॉ. प्रकाश आर. अर्जुनवार ने जौरा स्थित महात्मा गांधी सेवा आश्रम में प्रख्यात गांधीवादी एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत डॉ. एस. एन. सुब्बाराव (भाई जी) के समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।

Veersingh Sir
By Veersingh Sir

Latest Posts