MP के 22 लाख व्यापारियों को मिलेगा बढ़ावा, CM मोहन यादव बोले- समृद्ध व्यापारी से बनेगा समृद्ध मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश में उद्योगों के साथ व्यापार-व्यवसाय को भी आगे बढ़ाने की तैयारी है। राज्य सरकार का कहना है कि प्रदेश की आर्थिक तरक्की में छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े कारोबारियों तक सभी की अहम भूमिका है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने व्यापारियों को विकास की प्रक्रिया में सरकार का साथी बताया। उन्होंने कहा कि व्यापार बढ़ेगा तो रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री बुधवार शाम भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय सभागार में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में कैट की मध्यप्रदेश इकाई की नई कार्यकारिणी और प्रदेश के 55 जिलों के अध्यक्ष शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों को बधाई देते हुए प्रदेश के विकास में मिलकर काम करने की बात कही।
व्यापारियों को दिलाया 'समृद्ध मध्यप्रदेश' का संकल्प
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने व्यापारियों को 'समृद्ध व्यापारी-समृद्ध मध्यप्रदेश' के संकल्प की शपथ दिलाई। इस दौरान कहा गया कि कैट प्रदेश सरकार और मध्यप्रदेश के करीब 22 लाख व्यापारियों के बीच एक कड़ी के रूप में काम करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार औद्योगिक विकास के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ाना चाहती है। इसके लिए व्यापारियों के साथ मिलकर काम किया जाएगा। उनका कहना था कि प्रदेश में नए उद्योग स्थापित होने चाहिए और मौजूदा कारोबार का भी विस्तार होना चाहिए, ताकि युवाओं और जरूरतमंद लोगों को रोजगार मिल सके।
55 जिलों की मिट्टी से पहुंचा समृद्धि कलश
समारोह में प्रदेश के सभी 55 जिलों के बाजारों की मिट्टी लेकर समृद्धि कलश यात्राएं पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने इस पहल को भावनात्मक और प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम में व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को साफा पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें समृद्धि कलश भेंट किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में हर वर्ग के व्यापारी का योगदान है। छोटे दुकानदार, स्थानीय कारोबारी और बड़े उद्योगपति सभी मिलकर आर्थिक गतिविधियों को गति देते हैं। कैट की ओर से शुरू की गई 'समृद्ध व्यापारी-समृद्ध मध्यप्रदेश' पहल भी इसी सोच को आगे बढ़ाती है।
डिजिटल पेमेंट और नई तकनीक से बदल रहा व्यापार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। इस सफर में व्यापारियों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। पिछले कुछ वर्षों में डिजिटल भुगतान, ई-कॉमर्स, जीएसटी व्यवस्था, स्टार्टअप और आधुनिक तकनीक ने कारोबार के नए रास्ते खोले हैं। उन्होंने कहा कि व्यापार को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के प्रयासों से कारोबार करने के तरीके में बदलाव आया है। अब छोटे व्यापारियों के पास भी डिजिटल माध्यम से ग्राहकों तक पहुंचने और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के अवसर हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने लघु, कुटीर और मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कॉरपोरेशन का गठन किया है। सरकार की कोशिश है कि छोटे कारोबारियों और उद्यमियों को भी आगे बढ़ने के लिए जरूरी सहयोग मिल सके।
12 लाख करोड़ रुपये के निवेश का किया जिक्र
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश निवेश के मामले में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 12 लाख करोड़ रुपये का निवेश जमीन पर उतर चुका है। उन्होंने उद्योग और व्यापार को एक-दूसरे का पूरक बताते हुए कहा कि दोनों के मजबूत होने से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार कारोबारियों को भी प्रदेश की विकास यात्रा का अहम हिस्सा मानती है। मध्यप्रदेश को निवेश, उद्योग और व्यापार के नए अवसरों का केंद्र बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि व्यापारिक गतिविधियां बढ़ें और इसका लाभ प्रदेश के युवाओं और आम लोगों तक पहुंचे।
ये भी पढ़ें: एमपी में बनेगा 56वां जिला: CM मोहन यादव ने पिछोर को जिला बनाने का किया ऐलान, लाड़ली बहना की 42वीं किस्त जारी
22 लाख व्यापारियों का प्रतिनिधित्व कर रहा कैट
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैट मध्यप्रदेश में करीब 22 लाख व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करता है। संगठन की इकाइयां प्रदेश के सभी 55 जिलों में सक्रिय हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी व्यापारियों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और उनके समाधान में अहम भूमिका निभाएगी।
नए व्यापारियों के लिए मेंटॉरशिप कार्यक्रम का सुझाव
कार्यक्रम में कैट के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष ऊषा अग्रवाल ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह केवल जिम्मेदारी संभालने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि व्यापारियों के हित में काम करने का संकल्प है। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से व्यापारियों की समस्याओं को दूर करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उनके मुताबिक, रीजनल समिट और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ व्यापारियों के लिए कल्याण बोर्ड का गठन सरकार की इस दिशा में पहल को दिखाता है। आशीष अग्रवाल ने कैट को सुझाव दिया कि संगठन नए व्यापारियों के लिए मेंटॉरशिप कार्यक्रम शुरू करे। इससे नए कारोबारियों को अनुभवी व्यापारियों से मार्गदर्शन मिल सकेगा और वे अपने व्यवसाय को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा पाएंगे। इस कार्यक्रम में सरकार और व्यापारियों के बीच बेहतर तालमेल बनाने, कारोबार को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर जोर दिया गया।




















