सस्पेंड CSP नेहा पच्चीसिया की याचिका पर सुनवाई टली

जबलपुर। जमीन घोटाले के आरोप में घिरी कटनी की सस्पेण्ड सीएसपी नेहा पच्चीसिया की याचिका पर मंगलवार को मप्र हाईकोर्ट में सुनवाई एक सप्ताह के लिए टल गई है। जस्टिस आनंद पाठक और जस्टिस रामकुमार चौबे की बेंच ने मामले पर 29 सितंबर को सुनवाई करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि कटनी के कुठला थाने में दर्ज हुई एफआईआर को चुनौती देकर नेहा पच्चीसिया ने यह याचिका हाईकोर्ट में दाखिल की है। याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल खरे और राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता हरप्रीत सिंह रूपराह पैरवी कर रहे हैं।
यह है मामला
कटनी नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) नेहा पच्चीसिया के खिलाफ धोखाधड़ी, पद के दुरुपयोग और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज किया गया था। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट से राहत याचिका खारिज होने के बाद भोपाल सतर्कता शाखा की शिकायत और जबलपुर जोन के निर्देश पर कुठला थाने में यह कार्रवाई की गई थी। मामले में नेहा पच्चीसिया के अलावा क्षितिज राज और मारूफ अहमद को भी आरोपी बनाया गया है। पूरा मामला कुठला क्षेत्र स्थित खसरा नंबर 2618/1 की जमीन से जुड़ा है। शासकीय गाइडलाइन के अनुसार इस जमीन की कीमत 82.86 लाख रुपए से अधिक थी, लेकिन कथित तौर पर इसे केवल 18.20 लाख रुपए में खरीद लिया गया। जांच के अनुसार रजिस्ट्री के लिए 15 लाख रुपए चेक के माध्यम से और 3.20 लाख रुपए नकद दिए गए। पुलिस अब इस पूरे लेन-देन और जमीन सौदे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: भोपाल मास्टर प्लान को मिली हरी झंडी, सीलिंग की कार्रवाई पर सुप्रीम कोर्ट सख्त; SC ने ड्राफ्ट जारी करने की दी मंजूरी




















