Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कटनी में बेटियों ने कलेक्टर को बांधी राखी, आंगनवाड़ी में बच्चों से ली पढ़ाई और नाश्ते की जानकारी

कटनी में सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने निकले कलेक्टर आशीष तिवारी जब विकासखंड कटनी के ग्राम डिठवारा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचे, तो निरीक्षण के बीच माहौल कुछ ही पलों में बदल गया। नन्हीं बालिकाओं ने कलेक्टर को राखी बांधने की इच्छा जताई, जिसे उन्होंने बड़ी सहजता और आत्मीयता के साथ स्वीकार किया।
कटनी में बेटियों ने कलेक्टर को बांधी राखी, आंगनवाड़ी में बच्चों से ली पढ़ाई और नाश्ते की जानकारी
कटनी में बेटियों ने कलेक्टर को बांधी राखी

कटनी। कलेक्टर तिवारी ने बच्चों को लाड़, प्यार और दुलार किया, जिससे बच्चे खुश हो गए। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम कटनी जितेन्द्र पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसी दौरान नन्हीं बालिकाओं द्वारा राखी बांधने का यह छोटा-सा पल पूरे आंगनवाड़ी केंद्र में अपनत्व की मुस्कान भर गया।

आंगनवाड़ी में बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली

कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं और उनके दस्तावेजों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी सहायिका करुणा शुक्ला से केंद्र में आने वाले बच्चों के आधार कार्ड और समग्र आईडी के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र से जुड़े प्रत्येक बच्चे का आधार कार्ड और समग्र आईडी सहित आवश्यक दस्तावेज पूरे होने चाहिए। इससे कोई भी बच्चा शासन की योजनाओं और सुविधाओं से वंचित न रहे।

बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई और नाश्ते की जानकारी ली

कलेक्टर ने बच्चों से बातचीत कर उनकी गतिविधियों, पढ़ाई, मिलने वाले नाश्ता और सुविधाओं के बारे में सहजता से जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के साथ आत्मीयता से बातचीत की और आंगनवाड़ी केंद्र में उनकी गतिविधियों को समझा। निरीक्षण के दौरान बच्चों के साथ कलेक्टर का सहज व्यवहार भी देखने को मिला। इससे बच्चे भी काफी खुश और उत्साहित नजर आए।

हाथी राजा कहां चले कविता ने जीता दिल

इसी दौरान कलेक्टर तिवारी की नजर नन्हीं बिटिया हर्षिता राजपूत पर पड़ी। उन्होंने हर्षिता से कविता सुनाने को कहा, जिसके बाद हर्षिता ने बिना झिझक अपनी तोतली बोली में पूरे आत्मविश्वास के साथ हाथी राजा कहां चले.... कविता सुनानी शुरू कर दी। नन्हीं बालिका का आत्मविश्वास और उसकी मासूम प्रस्तुति देखकर कलेक्टर तिवारी भी प्रसन्न हुए और उन्होंने हर्षिता को चॉकलेट देकर उसका उत्साह बढ़ाया। यह पल केवल कविता सुनने का नहीं था, बल्कि बच्चे को प्रोत्साहित करने का भी था।

ये भी पढ़ें: बेगमगंज में सद्भाव और भाईचारे के रंग में रंगा कजलियां मिलन समारोह, गमी परिवारों को भी भुजरियां अर्पित कर दी संवेदना

नन्हीं बालिकाओं ने कलेक्टर को बांधी राखी

डिठवारा आंगनवाड़ी में सबसे भावुक क्षण तब आया, जब नन्हीं बालिकाएं संजना राजपूत और हर्षिता राजपूत ने कलेक्टर की कलाई पर राखी बांधी। कलेक्टर ने स्नेहपूर्वक दोनों से राखी बंधवाई और उन्हें चॉकलेट और उपहार भेंट किए। इस दौरान पूरे आंगनवाड़ी केंद्र में अपनत्व और खुशी का माहौल नजर आया। बच्चों के साथ कलेक्टर का यह आत्मीय अंदाज सभी के लिए खास पल बन गया।

Breaking News

बच्चों से रोज आंगनवाड़ी आने की अपील

राखी बंधवाने के बाद कलेक्टर तिवारी ने बच्चों को स्नेह और दुलार दिया। उन्होंने सभी बच्चों से प्रतिदिन आंगनवाड़ी आने की बात कही और नियमित रूप से केंद्र की गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों की सुविधाओं और आवश्यक दस्तावेजों को लेकर भी जरूरी निर्देश दिए। नन्हीं बालिकाओं द्वारा राखी बांधने के इस भावुक पल ने सरकारी निरीक्षण को आत्मीय रिश्ते में बदल दिया।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts