बेगमगंज में सद्भाव और भाईचारे के रंग में रंगा कजलियां मिलन समारोह, गमी परिवारों को भी भुजरियां अर्पित कर दी संवेदना
आपसी भाईचारे, सुख-समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक कजलियां पर्व बेगमगंज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गांधी बाजार में आयोजित कजलियां मिलन समारोह का शुभारंभ विद्वान पंडितों द्वारा श्रीराम दरबार के पूजन के साथ हुआ। कार्यक्रम हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष सचिन नेमा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें विधायक देवेंद्र पटेल और पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में सनातन परंपराओं के साथ सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश भी देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान गमी वाले परिवारों के घर पहुंचकर उन्हें संवेदना के साथ भुजरियां अर्पित करने की परंपरा भी निभाई गई।
भजन-कीर्तन और मंगलगान रहा आकर्षण
कजलियां मिलन समारोह का विशेष आकर्षण राधे-राधे भजन मंडली की प्रस्तुति रही। भजन मंडली ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। सावन की अष्टमी और नवमी पर अच्छी वर्षा और कृषि की समृद्धि की कामना के साथ विभिन्न परिवारों में कजलियां बोने की परंपरा निभाई जाती है। जिन परिवारों की महिलाओं ने टोकरी में गेहूं और जौ के बीज बोए थे, वे कजलियां लेकर समारोह स्थल पहुंचीं। महिलाओं ने भजन-कीर्तन के बीच मंगलगान किया और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
ये भी पढ़ें: बारिश में बहन को चादर से ढका, कुत्ते को भी भगाया... रक्षाबंधन पर नन्हे भाई का वीडियो वायरल
अतिथियों का किया भव्य स्वागत
समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी, राजेंद्र सिंह तोमर, संतोष कण्ड्या, भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं पार्षद अजय जाट, जिला पंचायत सदस्य मोहित लोधी, जनपद सदस्य लोकेंद्र सिंह लोधी, मलखान सिंह जाट, डॉ. जितेंद्र सिंह तोमर और मुस्लिम त्योहार कमेटी के अध्यक्ष आरिफ राइन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष सचिन नेमा ने साथियों के साथ मंचासीन अतिथियों का पुष्प वर्षा, पुष्प मालाओं और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। अतिथियों ने कजलियां का पूजन किया और पर्व की शुभकामनाएं दीं।
महिलाओं को साड़ी और श्रृंगार सामग्री भेंट
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी प्रभु नेमा एडवोकेट और राजू नेमा क्षमा की ओर से कजलियां लेकर पहुंचीं महिलाओं को एक-एक साड़ी और श्रृंगार सामग्री उपहार स्वरूप भेंट की गई। वहीं हिंदू सेवादल अध्यक्ष प्रदीप लोधी की ओर से श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों को प्रसाद के रूप में खीर का वितरण किया गया। विधायक देवेंद्र पटेल ने समारोह में शामिल भजन मंडलियों के उत्साहवर्धन के लिए प्रत्येक भजन मंडली को 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा की।
ये भी पढ़ें: मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: खिलचीपुर में 454 CM हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण, युवाओं और महिलाओं को भी मिला लाभ
भुजरियां देकर दीं शुभकामनाएं
कजलियां मिलन समारोह के समापन के बाद उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को भुजरियां देकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में धार्मिक परंपरा के साथ सामाजिक एकजुटता और भाईचारे की भावना भी दिखाई दी। कजलियां मिलन समारोह ने बेगमगंज में लोक परंपरा, धार्मिक आस्था और सामाजिक सद्भाव को एक साथ जोड़ने का संदेश दिया। वहीं गमी वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने की परंपरा ने पर्व के मानवीय पक्ष को भी सामने रखा।






















