Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Katni Fire : दीपावली की रात तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 2 माह के मासूम समेत 6 की मौत

मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। हादसे में 2 माह के मासूम समेत एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई।
Katni Fire : दीपावली की रात तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 2 माह के मासूम समेत 6 की मौत
बरही अग्निकांड में एक ही परिवार के 6 सदस्यों की जान चली गई

मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तीन मंजिला इमारत में लगी आग ने देखते ही देखते एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे में दो माह के मासूम समेत परिवार के छह लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुबह सभी छह शवों को बाहर निकाला गया। त्योहार की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं।

कटनी के बरही में दीपावली की रात कैसे हुआ भीषण अग्निकांड?

जानकारी के मुताबिक, दीपावली की रात करीब 12 बजे बरही में पूरन अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान और उससे जुड़ी तीन मंजिला इमारत में आग तेजी से फैलने लगी। देखते ही देखते लपटों ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। बताया गया कि इमारत के निचले हिस्से में दुकान और प्लास्टिक से जुड़ा सामान रखा हुआ था, जबकि ऊपरी मंजिलों पर परिवार रहता था। नीचे रखे क्रॉकरी और प्लास्टिक के सामान के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग इतनी भीषण थी कि ऊपर मौजूद परिवार के सदस्यों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका। दीपावली की रात जब लोग अपने घरों में त्योहार मना रहे थे, उसी समय अग्रवाल परिवार पर यह भयावह संकट टूट पड़ा।

Seoni Fire Accident: सिवनी के छपारा में भीषण अग्निकांड, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत; 4 को सुरक्षित बचाया

X Post

दो माह के मासूम समेत परिवार के 6 लोगों की मौत

बरही अग्निकांड की सबसे दर्दनाक बात यह रही कि इसमें एक ही परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई। मृतकों में बुजुर्ग दंपती से लेकर छोटे बच्चे तक शामिल हैं। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार बताई गई है- 

  • पूरन अग्रवाल: 77 वर्ष
  • चंद्रकला: पूरन अग्रवाल की पत्नी
  • पूनम: परिवार की बहू
  • आर्या: 14 वर्ष
  • अन्वी: 6 वर्ष
  • दो माह का मासूम

रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, जेसीबी से तोड़ी गई दीवार

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी बुलाया गया। हालांकि, आग की तीव्रता और इमारत में रखे ज्वलनशील सामान के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी रात जारी रहा। अधिकारियों के मुताबिक, सुबह करीब 4:30 बजे पूरन अग्रवाल का शव बाहर निकाला गया। इसके बाद बचाव दल ने जेसीबी की मदद से इमारत की दीवार तोड़ी और परिवार के अन्य पांच सदस्यों के शव बाहर निकाले। सुबह तक चले इस अभियान में प्रशासन, पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय लोगों ने मिलकर काम किया। एसडीआरएफ की टीम भी सुबह करीब 5 बजे अपने पूरे दल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और बचाव कार्य में शामिल हुई।

भोपाल में कुंदन नमकीन के सामने दुकान में आग, 40 फीट से रस्सी के सहारे बचाई 3 लोगों की जान

स्थानीय युवाओं ने संभाला मोर्चा

बरही अग्निकांड के दौरान दमकल विभाग की व्यवस्था में आई तकनीकी दिक्कतों ने भी ध्यान खींचा है। आग बुझाने के दौरान दमकल वाहनों की पाइप में खराबी सामने आने की जानकारी मिली। इससे आग पर काबू पाने के प्रयासों में परेशानी हुई। इस मुश्किल समय में बरही के स्थानीय युवा भी मदद के लिए आगे आए। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना बचाव अभियान में सहयोग किया और आग बुझाने में दमकल कर्मियों की मदद की।

कलेक्टर ने क्या बताया? दो लोग सुरक्षित बचाए गए

कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि दीपावली की रात एक मकान में आग लगने से छह लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। कलेक्टर के मुताबिक, आग की सूचना रात करीब 12:30 बजे मिली थी। दमकल विभाग की टीम करीब 12:45 बजे घटनास्थल पर पहुंच गई और आग बुझाने का काम शुरू किया। इसके बाद अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया गया। कंट्रोल रूम को करीब 1:30 बजे अतिरिक्त सहायता के लिए सूचना मिली। उन्होंने बताया कि स्थानीय निवासियों और युवाओं ने भी आग बुझाने में काफी प्रयास किए। निचली मंजिल पर रखे क्रॉकरी और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया था। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता और आर्थिक मदद देने की बात भी कही गई है।

X Post

आग लगने की वजह क्या थी? 

बरही में हुए इस अग्निकांड की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। एसडीओपी वीरेंद्र नरवे ने बताया कि पूरन अग्रवाल की दुकान के ग्राउंड फ्लोर पर प्लास्टिक से संबंधित सामान रखा था, जबकि ऊपर की मंजिल पर उनका परिवार रहता था। आग लगने के बाद कुल छह लोगों की जान चली गई।

X Post

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की दो संभावनाएं सामने आई हैं-

  • दीये से आग लगना- दीपावली के दौरान घर और दुकान में जलाए गए दीये से आग शुरू होने की आशंका जताई जा रही है।
  • शॉर्ट सर्किट- बिजली के तारों या उपकरणों में खराबी के कारण आग लगने की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।

कटनी अग्निकांड ने अग्निशमन व्यवस्था पर खड़े किए सवाल

बरही में छह लोगों की मौत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या त्योहारों के दौरान अग्निशमन विभाग की तैयारियां पर्याप्त थीं? दीपावली जैसे मौके पर बाजारों और रिहायशी इलाकों में आग लगने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में दमकल वाहनों, पानी की उपलब्धता, पाइप और अन्य जरूरी उपकरणों की पहले से जांच बेहद जरूरी होती है। क्या दमकल वाहनों के उपकरणों की नियमित जांच की गई थी? आग बुझाने के दौरान पाइप में खराबी क्यों आई? अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाने में कितना समय लगा?

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts