इंदौर में पटाखों की चिंगारी से लगी आग! रात 3 बजे धू-धूकर जले 6 वाहन, लाखों का नुकसान

इंदौर। दीपावली की आतिशबाजी के बीच इंदौर के नंदानगर इलाके में आगजनी की बड़ी घटना सामने आई है। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में जनता क्वार्टर स्टेडियम ग्राउंड के पास मकान के बाहर खड़े करीब आधा दर्जन वाहनों में देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कार, ऑटो सहित छह वाहन इसकी चपेट में आ गए। इस घटना में लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। शुरुआती आशंका है कि पटाखों से निकली चिंगारी के कारण आग लगी होगी, हालांकि पुलिस इसकी पुष्टि करने में जुटी है।
पड़ोसी के फोन से खुला आगजनी का मामला
नंदानगर निवासी 65 वर्षीय विष्णु कैलाश जायसवाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 9 नवंबर की रात करीब 3 बजे उनके पड़ोसी ऋषभ भीलवारे का फोन आया। उन्होंने बताया कि घर के बाहर खड़े वाहनों में आग लग गई है। सूचना मिलते ही विष्णु जायसवाल बाहर पहुंचे तो वहां खड़ी गाड़ियां आग की लपटों से घिरी हुई थीं। आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कई वाहन बुरी तरह जल चुके थे।
कार से लेकर ई-रिक्शा तक आग की चपेट में
आगजनी में मारुति सुजुकी ऑल्टो (MP09/HE5272), टीवीएस पैसेंजर ऑटो (MP09/TA2945), हुंडई कार (MP09/CN5375), सीएनजी पैसेंजर ऑटो (MP09/R9717), बैटरी ई-रिक्शा (MP09/DM9712) और बजाज ऑटो (MP09/R6507) को भारी नुकसान पहुंचा है। आग की चपेट में आने से लाखों रुपए के वाहनों के खाक होने का अनुमान है।
पटाखों की चिंगारी या कोई दूसरी वजह? पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद परदेशीपुरा थाना पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आग आखिर कैसे लगी। फिलहाल दीपावली की आतिशबाजी को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।




















