Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सिंगरौली में कच्चा मकान ढहने से बड़ा हादसा, 2 साल की मासूम समेत एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश के सिंगरौली में सोमवार रात बड़ा हादसा हो गया। बरहपान गांव के जलहथनी टोला में कच्चा मकान अचानक ढहने से एक ही परिवार के 8 सदस्य मलबे में दब गए। हादसे में 2 साल की मासूम बच्ची समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 सदस्य घायल हो गए। रात करीब 1 बजे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में सभी को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है।
सिंगरौली में कच्चा मकान ढहने से बड़ा हादसा, 2 साल की मासूम समेत एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

सिंगरौली: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के बरहपान गांव के जलहथनी टोला में एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर में सो रहे एक ही परिवार के 8 सदस्य मलबे में दब गए। इस दुर्घटना में दो साल की मासूम बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य घायल हो गए।

भोजन करने के बाद सो रहा था परिवार, अचानक ढह गया मकान

जानकारी के मुताबिक, विश्वकर्मा परिवार सोमवार रात भोजन करने के बाद अपने कच्चे मकान में सो रहा था। इसी दौरान अचानक मकान की दीवारें और छत भरभराकर गिर गईं। घर में मौजूद सभी आठ सदस्य मलबे के नीचे दब गए। हादसे में अरुण विश्वकर्मा (36), उनकी मां संतुलिया देवी (65) और दो वर्षीय बेटी पुष्पा विश्वकर्मा की जान चली गई। वहीं अरुण की पत्नी बेलामती विश्वकर्मा, पिता सुदर्शन विश्वकर्मा, बेटी रोशनी और बेटे दीपक व अजय घायल हो गए।

ग्रामीणों ने शुरू किया रेस्क्यू, रात 1 बजे तक चला अभियान

मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल मलबा हटाकर परिवार के सदस्यों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाया गया और बचाव अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद रात करीब 1 बजे तक मलबे में दबे सभी आठ लोगों को बाहर निकाल लिया गया। घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की जानकारी मिलने पर एसडीएम और पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts