PlayBreaking News

‘कमल’ या ‘नाथ’, मुहर लगेगी आज

विस चुनाव : काउंटिंग सुबह 8 बजे से, दोपहर बाद आएंगे नतीजे
Follow on Google News
‘कमल’ या ‘नाथ’, मुहर लगेगी आज

भोपाल। विधानसभा चुनाव की मतगणना रविवार को होगी। इसके नतीजे और रुझान से दोपहर बाद तक यह तय हो जाएगा कि प्रदेश में ‘कमल’ खिलेगा अथवा कमलनाथ की सरकार बनेगी। एग्जिट पोल से मिले संकेतों के बाद भाजपा जहां जीत और बहुमत को लेकर आशान्वित है। वहीं, कांग्रेस इन सर्वे रिपोर्ट्स को खारिज कर प्रचंड बहुमत हासिल करने का दावा कर रही है। करीब दो दर्जन से अधिक सीटें ऐसी हैं, जहां दोनों ही दलों के दिग्गज नेताओं की साख दांव पर लगी है। भाजपा और कांग्रेस में कुछ उम्रदराज नेता ऐसे भी हैं, जिनकी चुनावी सियासत की यह अंतिम पारी भी है। केंद्रीय मंत्री और सांसदों सहित त्रिकोणीय संघर्ष में फंसे कई नेताओं का राजनीतिक भविष्य का फैसला दोपहर बाद हो जाएगा। इधर, भाजपा और कांग्रेस हाईकमान भी मतगणना से लेकर आगामी कार्यक्रमों की रणनीति बनाने में जुट गए हैं। दोनों ही पार्टियों की चुनाव प्रबंधन समितियां कार्यकर्ताओं को चाक- चौबंद करती नजर आईं।

भाजपा : इन सीटों पर नजरें

भाजपा में सीएम शिवराज सिंह चौहान के अलावा उनके मंत्रिमंडल के 31 मंत्रियों के नतीजों पर सबकी नजर है। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, फग्गन सिंह कुलस्ते और प्रहलाद पटेल सहित महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद रीति पाठक, गणेश सिंह, राकेश सिंह और राव उदयप्रताप सिंह की हार-जीत को लेकर कौतूहल बना हुआ है।

कांग्रेस: हाईप्रोफाइल सीटें

कांग्रेस में प्रमुख रूप से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, डॉ. गोविंद सिंह, जीतू पटवारी की सीटों पर नजरें हैं। इनके साथ ही अजय सिंह, कमलेश्वर पटेल, मुकेश नायक, रजनीश सिंह, डॉ. विजय लक्ष्मी साधौ, संजय शुक्ला, सज्जन वर्मा, केपी सिंह कक्काजू, दीपक जोशी, हिना कांवरे और उमंग सिंघार जैसे वरिष्ठ नेताओं के नतीजों पर सभी का ध्यान है।

प्रदेश में 5,233 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला

भोपाल। प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर 5,233 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला रविवार को होगा। सभी जिला मुख्यालयों में मतगणना सुबह 8:00 बजे से प्रारंभ होगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी और इसके आधे घंटे बाद ईवीएम से वोटों की गिनती प्रारंभ होगी। मतों की पहले गिनती में 80 वर्ष से अधिक आयु, ईटीपीबीएस तथा दिव्यांग मतदाताओं के वोट भी शामिल होंगे। मप्र में मतदान 17 नवंबर को हुआ था। ईवीएम और डाक मतपत्रों की गणना के लिए अलग- अलग टेबलें लगाई हैं। आयोग की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर 11:00 बजे से रुझान मिलने लगेंगे। मतगणना स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बिना पास के किसी को भी प्रवेश नहीं दिए जाएंगे। वीडियोग्राफी के अलावा सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में भी कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां पदस्थ अधिकारियों को संभागों की जिम्मेदारी दी गई है। वे जिला निर्वाचन अधिकारियों से सीधे संपर्क में रहेंगे। इस दिन शराब की बिक्री बंद रहेगी।

उज्जैन : कांग्रेस ने बैलेट बॉक्स खोलने का आरोप लगाया

उज्जैन। शनिवार को यहां कोठी स्थित जिला कोषालय में रखी बैलेट पेपर की पेटी निकालने के दौरान हंगामा हो गया। कांग्रेस के महेश परमार, माया राजेश त्रिवेदी ने पेटी खोलने का आरोप लगाते हुए बताया कि कई पेटियों पर गीली स्लिप पाई गई। उन्होंने प्रशासन को भाजपा का एजेंट बताया। बैलेट मतपत्रों में हेरफेर को लेकर महेश परमार ने प्रशासन को चुनौती दी कि रविवार को यदि बैलेट पेपर के कारण स्थिति बिगड़ी तो माहौल खराब हो जाएगा, जिसकी जिम्मेदार प्रशासन की रहेगी।

प्रधानमंत्री के प्रति जनता का प्रेम और विश्वास, मप्र में हुआ अभूतपूर्व विकास, जनता का विश्वास व अपार समर्थन भाजपा के साथ है; जिससे स्पष्ट है कि प्रदेश में एक बार फिर ‘कमल’ खिलने जा रहा है। - शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री

मुझे एग्जिट या अन्य कोई पोल से मतलब नहीं है। मुझे मप्र के मतदाता पर भरोसा है। कल इसी टाइम लंबी चर्चा करेंगे। अभी कुछ बोलने की आवश्यकता नहीं है। हमें निर्दलीय प्रत्याशियों की कोई जरूरत नहीं है। - कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री

Javedakhtar Ansari
By Javedakhtar Ansari
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts