'काला हिरण' का फर्स्ट लुक रिलीज :ढाई मिनट के टीजर में कई तस्वीरें सलमान- बिश्नोई से जुड़ी, सलमान हाईकोर्ट पहुंचे

एंटरटेनमेंट डेस्क। फिल्म 'काला हिरण - द बैटल फॉर लेगेसी' का फर्स्ट लुक सामने आते ही विवाद तेज हो गया है। फिल्म को लेकर पहले से ही चर्चा थी कि इसकी कहानी अभिनेता सलमान खान के 1998 के काला हिरण शिकार मामले और गैंगस्टर लौरेंस बिश्नोई से जुड़े विवाद से प्रेरित है। अब फिल्म की पहली झलक रिलीज होने के बाद इन अटकलों को और बल मिला है। वहीं सलमान ने मेकर्स के खिलाफ बिना परमिशन फिल्म बनाने के आरोप लगाए हैं।
दिलचस्प बात यह है कि फिल्म के मेकर्स ने विवादों से बचने के लिए किरदारों के नाम बदल दिए हैं। फिल्म में सलमान से प्रेरित किरदार का नाम अयान खान और लॉरेंस बिश्नोई से प्रेरित किरदार का नाम लॉयन बिश्नोई रखा गया है।
फर्स्ट लुक में क्या दिखाया गया?
करीब ढाई मिनट के फर्स्ट लुक वीडियो में कई ऐसे तस्वीरें हैं, जिन्हें देखकर दर्शक सीधे सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई विवाद से जोड़ रहे हैं। फिल्म के मुख्य अभिनेता का लुक काफी हद तक सलमान खान जैसा नजर आता है। यहां तक कि उसके हाथ में सलमान के चर्चित ब्रेसलेट जैसी एक्सेसरी भी दिखाई गई है।
वीडियो में लॉयन बिश्नोई नाम का एक गैंगस्टर दिखाया गया है, जिसकी तुलना 90 के दशक के अंडरवर्ल्ड डॉन से की गई है। ट्रेलर में संवाद के जरिए बताया गया है कि जिस तरह कभी अंडरवर्ल्ड का खौफ था, उसी तरह आज लॉयन बिश्नोई का नाम लोगों में डर पैदा करता है।
यह भी पढ़ें: ‘पहले हीरोइन थीं, अब...’ रवीना टंडन को लेकर ये क्या बोल गए अक्षय कुमार, सोशल मीडिया पर बना चर्चा का विषय
पुलिस जांच और कोर्ट केस की भी झलक
फिल्म में दो पुलिस अधिकारियों के किरदार भी नजर आते हैं। एक इंस्पेक्टर सावंत हैं, जिन्हें ‘टॉर्चर स्पेशलिस्ट’ बताया गया है, जबकि दूसरे डीसीपी पाटिल हैं, जिन्हें ‘कसाई’ कहा जाता है।
फर्स्ट लुक में पुलिस जांच, कोर्ट केस, अपराध, गैंगवार और कानूनी लड़ाई से जुड़े कई दृश्य दिखाए गए हैं। इससे साफ है कि फिल्म सिर्फ शिकार मामले तक सीमित नहीं है, बल्कि उससे जुड़े विवादों और घटनाक्रम को भी दिखाने की कोशिश करती है।
सलमान खान ने भेजा लीगल नोटिस
फिल्म को लेकर विवाद तब और बढ़ गया जब सलमान खान की लीगल टीम ने निर्माता और निर्देशक को कानूनी नोटिस भेज दिया। नोटिस में फिल्म के निर्माण, प्रचार और रिलीज पर रोक लगाने की मांग की गई है।
सलमान पक्ष का आरोप है कि यह फिल्म काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित है और इससे अभिनेता की छवि को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही यह चल रही न्यायिक प्रक्रिया को भी प्रभावित कर सकती है।
यह भी पढ़ें: Lock Upp 2 Promo: कंगना रनौत OUT? 4 साल बाद शो में दिखे नए चेहरे, टीजर देख फैंस हैरान
मेकर्स का जवाब- कोर्ट में लड़ेंगे लड़ाई
फिल्म के निर्माता अमित जानी ने इन आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि फिल्म सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी पर आधारित है और इसका मुख्य फोकस वन्यजीव संरक्षण तथा बिश्नोई समुदाय के संघर्ष को दिखाना है।
निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर दावा किया कि 12 जून को टीजर रिलीज करके उन्होंने "पहली लड़ाई जीत ली है" और अब दूसरी लड़ाई कोर्ट में लड़ेंगे। ऐसे में फिल्म की रिलीज से पहले कानूनी और सार्वजनिक बहस दोनों तेज होती नजर आ रही हैं।











