PlayBreaking News

Convocation Ceremony : जस्टिस माहेश्वरी बोले-संविधान की असली परीक्षा शक्तिहीन और अल्पसंख्यकों के साथ किए व्यवहार से होती है

धर्मशास्त्र राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में आमंत्रित अतिथि न्यायाधीशों ने सत्यनिष्ठा की सीख दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जस्टिस जितेंद्र कुमार माहेश्वरी ने कहा कि संविधान की असली परीक्षा शक्तिहीन और अल्पसंख्यकों के साथ किए गए व्यवहार से होती है।
Follow on Google News
जस्टिस माहेश्वरी बोले-संविधान की असली परीक्षा शक्तिहीन और अल्पसंख्यकों के साथ किए व्यवहार से होती है

जबलपुर। धर्मशास्त्र राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (डीएनएलयू), जबलपुर का तृतीय दीक्षांत समारोह रविवार को पीडीपीएम आईआईआईटीडीएम परिसर में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता विवि के कुलाधिपति एवं मप्र हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस विवेक रूसिया ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस जितेंद्र कुमार माहेश्वरी उपस्थित रहे। समारोह में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा, जस्टिस संजीव सचदेवा और सशस्त्र बल अभिकरण के अध्यक्ष जस्टिस राजेंद्र मेनन की विशिष्ट उपस्थिति रही।

तर्क न्यायालय की वास्तविक पूंजी

समारोह को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जस्टिस जितेंद्र कुमार माहेश्वरी ने स्नातकों से 'संवैधानिक कल्पनाशीलता' विकसित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि एक संविधान की असली परीक्षा शक्तिशाली के साथ नहीं, बल्कि समाज के अलोकप्रिय, शक्तिहीन और अल्पसंख्यक वर्ग के साथ किए गए व्यवहार से होती है। उन्होंने शक्ति के बजाय तर्क को न्यायालय की वास्तविक पूंजी बताया।

ये भी पढ़ें: पंढरपुर में बड़ा हादसा: श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन कुएं में गिरी, 14 लोगों की मौत

विधि के शासन की परीक्षा शिखर पर नहीं, आधार पर होती है: जस्टिस रूसिया

समारोह में जस्टिस विवेक रूसिया (कुलाधिपति) ने कहा कि विधि को एक ऐसे शिल्प में वर्णित किया गया है जो एक पीढ़ी से दूसरे पीढ़ी को सौंपा जाता है। विधि के शासन की परीक्षा शिखर पर नहीं, अपितु आधार पर होती है। उन्होंने अधिवक्ताओं एवं गैर-अधिवक्ताओं के लिए एक नवीन 'मध्यस्थता प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम: विवाद से सहमति की ओर' के शुभारंभ की घोषणा की। उन्होंने स्नातकों को सलाह दी कि वे प्रौद्योगिकी को विधि का सेवक बनाए रखें, स्वामी नहीं। जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा ने कहा 'लोक न्यास सिद्धांत' (पब्लिक ट्रस्ट डॉक्ट्रिन) पर जोर देते हुए कहा कि वायु, नदियां और वन आने वाली पीढ़ियों के लिए न्यास के रूप में हैं। उन्होंने स्नातकों से उन लोगों के प्रति कर्तव्य निभाने को कहा जो स्वयं नहीं बोल सकते।

मुकदमे वाक्पटुता से नहीं, तैयारी से जीते जाते हैं : जस्टिस सचदेवा

जस्टिस संजीव सचदेवा ने वकालत के शिल्प पर चर्चा करते हुए कहा कि मुकदमे वाक्पटुता से नहीं, तैयारी से जीते जाते हैं। उन्होंने स्नातकों को याद दिलाया कि एक अधिवक्ता किसी पक्षकार का प्रतिनिधि होने से पूर्व न्यायालय का अधिकारी होता है और उसे सभी के प्रति शिष्ट रहना चाहिए। जस्टिस राजेंद्र मेनन ने अनुशासन को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि प्रतिभा भले ही द्वार खोल दे, लेकिन कक्ष में बने रहने के लिए अनुशासन ही समर्थ है।

ये भी पढ़ें: मुरैना में दर्दनाक रेल हादसा: आग की अफवाह से चलती ट्रेन से कूदे यात्री, पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से 5 से ज्यादा की मौत

162 को मिली उपाधि, 10 को मिले गोल्ड मेडल 

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज कुमार सिन्हा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में 47 शोधार्थियों सहित कुल 716 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें महिलाएं स्पष्ट बहुमत में हैं। इस समारोह में कुल 162 स्नातकों को उपाधियां प्रदान की गर्इं, जिनमें 105 बी.ए., एल.एल.बी. (ऑनर्स), 55 एलएलएम, और 2 पीएचडी शामिल हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 10 स्वर्ण पदक दिए गए। इनमें जस्टिस डॉ. आरसी लाहोटी स्वर्ण पदक इशिका शर्मा एवं पूर्वा शर्मा (बैच टॉपर) को मिला। मीना राम स्वर्ण पदक रश्मि मिश्रा (अंतर्राष्ट्रीय विधि) को मिला। वरिष्ठ अधिवक्ता आरपी अग्रवाल स्मृति स्वर्ण पदक पूर्वा शर्मा (संवैधानिक विधि) और डॉ. बाजी नाथ शर्मा स्वर्ण पदक वासुजित दुबे (विधिशास्त्र) को अतिथियों द्वारा प्रदान किया गया।

अतिथियों ने किया पुस्तक का विमोचन

समारोह के दौरान न्यायमूर्ति जेके माहेश्वरी की भूमिका से युक्त और डॉ. प्रवीण त्रिपाठी एवं देवमणि बंसल द्वारा संपादित पुस्तक 'प्रोसीजरल जुरिस्प्रूडेंस ऑफ जस्टिस आरसी लाहोटी' का विमोचन भी किया गया।

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts