जुन्नारदेव में शराब तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से 25 पेटी शराब जब्त

छिंदवाड़ा जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जुन्नारदेव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक कार से 25 पेटी देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 215.82 लीटर बताई गई है जिसकी कीमत करीब 1 लाख 45 हजार 950 रुपए आंकी गई है। मामले में माजरी निवासी विजय उर्फ गुड्डा वसूले और उसकी सहयोगी बताई जा रही पूर्णिमा कुशवाह के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है।
कांबिंग गश्त के दौरान मिली मुखबिर से सूचना
पुलिस अधीक्षक अजय पांडे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन में जिलेभर में कांबिंग गश्त चल रही है। इसी अभियान के दौरान 1 सितंबर 2026 की सुबह जुन्नारदेव पुलिस को अवैध शराब के परिवहन की पुख्ता सूचना मिली। थाना प्रभारी जे. मसराम के मार्गदर्शन में उप थाना प्रभारी मुकेश डोंगरे और पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
ये भी पढ़ें: विवेक मीणा हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, एनकाउंटर के बाद 2 आरोपी गिरफ्तार; एक के पैर में लगी गोली
हरियाणा नंबर की स्विफ्ट डिजायर से मिला शराब का जखीरा
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान माजरी निवासी आरोपी विजय उर्फ गुड्डा वसूले से जुड़ी एक हरियाणा पासिंग स्विफ्ट डिजायर कार की जांच की गई। कार से देशी और अंग्रेजी शराब की कुल 25 पेटियां बरामद की गईं। पुलिस ने बताया कि बरामद शराब की मात्रा 215.82 लीटर है और इसकी अनुमानित कीमत 1,45,950 रुपए है।
पुलिस को देखकर फरार हुआ आरोपी
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान विजय उर्फ गुड्डा वसूले पुलिस को देखकर घर के पीछे के रास्ते से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में पूर्णिमा कुशवाह को भी आरोपी बनाया गया है और पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें: धार में पलटी यात्रियों से भरी बस, 12 घायल, हादसे के बाद ड्राइवर-कंडक्टर फरार!
ठेकेदार और गद्दीदार की भूमिका की भी होगी जांच
पुलिस ने इस मामले में शराब सप्लाई और परिवहन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, जांच में यदि शराब ठेकेदार, गद्दीदार या किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो नियमानुसार उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। जुन्नारदेव थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।




















