अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, वैभव सूर्यवंशी को फिर मौका; श्रेयस अय्यर संभालेंगे कप्तानी

अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को एक बार फिर टीम में शामिल किया गया है। वहीं श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी गई है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी के लिए संजू सैमसन और ईशान किशन को टीम में जगह दी गई है। भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा। सीरीज के सभी मैच नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।
टीम में 7 खिलाड़ियों की वापसी
अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारतीय टीम में पिछली सीरीज की तुलना में कई बदलाव किए गए हैं। टीम में कुल 7 खिलाड़ियों की वापसी हुई है। इनमें जसप्रीत बुमराह, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, वॉशिंगटन सुंदर, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल शामिल हैं। वहीं जिम्बाब्वे दौरे पर भारतीय टीम का हिस्सा रहे कई खिलाड़ियों को इस बार जगह नहीं मिली है। इनमें रिंकू सिंह, प्रभसिमरन सिंह, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अशोक शर्मा और यश ठाकुर शामिल हैं।
चार खिलाड़ियों की फिटनेस पर रहेगी नजर
टीम में वापसी करने वाले जसप्रीत बुमराह, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा को लेकर फिटनेस अहम रहेगी। ये खिलाड़ी चोट से उबरने के बाद टीम में लौट रहे हैं और उनका अंतिम रूप से खेलना फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा। बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ भारत की वनडे सीरीज के दौरान घुटने में चोट लगी थी जिसके बाद वह टीम से बाहर रहे। वह श्रीलंका के खिलाफ भारत की दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भी नहीं खेल पाए थे। नीतीश रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा भी चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे थे।
वैभव सूर्यवंशी को फिर मिला मौका
कम उम्र में अपनी बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी को चयनकर्ताओं ने एक बार फिर टी20 टीम में शामिल किया है। अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज उनके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का एक और मौका होगी।
ये भी पढ़ें: लियोनल मेसी ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास का किया ऐलान, अर्जेंटीना की जर्सी को कहा अलविदा
टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ी
भारतीय टीम में इस बार युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा संतुलन देखने को मिल रहा है। अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा जैसे युवा खिलाड़ियों के साथ श्रेयस अय्यर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा हैं। वहीं स्पिन में वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर भारतीय टीम को विकल्प देंगे।
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की टी20 टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा।




















