Happy Independence Day
🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

Jharkhand:रामगढ़ सड़क हादसे में सात की मौत, मुहर्रम से लौट रही ताशा पार्टी को ट्रक ने मारी टक्कर

रामगढ़ बोकारो मुख्य मार्ग पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में ताशा पार्टी के सात सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी मुहर्रम कार्यक्रम से लौट रहे थे। हादसे के बाद इलाके में गुस्सा फैल गया और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे के साथ तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने की मांग की।
Follow on Google News
रामगढ़ सड़क हादसे में सात की मौत, मुहर्रम से लौट रही ताशा पार्टी को ट्रक ने मारी टक्कर
फाइल फोटो

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सात परिवारों की खुशियां छीन लीं। रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर लारी गांव के पास एक तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रक और यात्रियों से भरी पिकअप गाड़ी की आमने सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल भेजा गया है।

मुहर्रम से लौट रही थी ताशा पार्टी

पुलिस के अनुसार हादसे का शिकार हुए सभी लोग ताशा पार्टी के सदस्य थे। वे मुहर्रम के कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। पिकअप वाहन गोला की ओर से रामगढ़ जा रहा था। जैसे ही वाहन राजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी गांव के पास होटल सम्राट के नजदीक पहुंचा, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे कोयला लदे ट्रक ने सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

ये भी पढ़ें: 1 जुलाई से पासपोर्ट बनवाना होगा महंगा: 14 साल बाद बढ़ी फीस, सामान्य पासपोर्ट के लिए देने होंगे ₹2,500

सात लोगों की मौके पर मौत

हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया। सभी घायलों को रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल रेफर किया गया। मृतकों की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। इनमें दो लोग राजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमरचा गांव और पांच लोग कुजू के बलसगरा गांव के रहने वाले थे।

ट्रक चालक फरार, पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

ये भी पढ़ें: LPG Supply: एलपीजी सप्लाई पर लगी सभी पाबंदियां हटीं, अब आसानी से मिलेंगे सिलेंडर

हादसे के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण

इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों ने रामगढ़-बोकारो मार्ग पर सड़क जाम कर दिया। उनका कहना था कि इस सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन प्रभावी कदम नहीं उठा रहा है। ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और सड़क पर तेज गति से चलने वाले भारी वाहनों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

icon

Latest Posts