Video: ऑपरेशन थिएटर में चल रही थी सर्जरी, तभी कांपने लगी पूरी बिल्डिंग; डॉक्टरों ने नहीं छोड़ा मरीज का साथ

Japan Earthquake Video: 7.1 तीव्रता के भूकंप के दौरान जापान के कुमामोटो जनरल हॉस्पिटल में चार मरीजों की सर्जरी चल रही थी। सीसीटीवी में कैद वीडियो में डॉक्टरों को मरीज को सुरक्षित रखने की कोशिश करते देखा जा सकता है।
Video: ऑपरेशन थिएटर में चल रही थी सर्जरी, तभी कांपने लगी पूरी बिल्डिंग; डॉक्टरों ने नहीं छोड़ा मरीज का साथ

जापान में 7.1 तीव्रता के भूकंप के दौरान अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर का एक वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर किसी की भी धड़कन बढ़ सकती है। जिस वक्त धरती कांप रही थी, उस समय कुमामोटो जनरल हॉस्पिटल के ऑपरेशन थिएटर में चार मरीजों की सर्जरी चल रही थी। अचानक पूरा कमरा हिलने लगा और मेडिकल उपकरण भी जोर-जोर से डगमगाने लगे। लेकिन इस मुश्किल स्थिति में डॉक्टरों ने ऑपरेशन छोड़कर भागने के बजाय मरीज को सुरक्षित रखने पर ध्यान दिया। यह पूरा घटनाक्रम ऑपरेशन थिएटर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गया। जापान के सार्वजनिक प्रसारक NHK की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 28 जुलाई को कुमामोटो प्रीफेक्चर में आए 7.1 तीव्रता के भूकंप के दौरान हुई थी।

अचानक हिलने लगा ऑपरेशन थिएटर

वायरल हो रहे वीडियो में दिखाई देता है कि सर्जरी के दौरान अचानक कमरे में तेज कंपन शुरू हो जाता है। आसपास रखे मेडिकल उपकरण हिलने लगते हैं। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि ऑपरेशन थिएटर का माहौल कुछ ही सेकंड में बदल गया। ऐसी स्थिति में मेडिकल टीम ने घबराने के बजाय तुरंत मरीज की सुरक्षा पर ध्यान दिया। डॉक्टर मरीज के आसपास खड़े हो गए और यह सुनिश्चित करने की कोशिश की कि भूकंप के झटकों के बीच उसे किसी तरह की चोट न पहुंचे। इसी दौरान एक नर्स ने ऑपरेशन थिएटर का दरवाजा खोल दिया। इससे जरूरत पड़ने पर बाहर निकलने का रास्ता खुला रहे और आपात स्थिति में मेडिकल टीम तेजी से प्रतिक्रिया दे सके।

भूकंप के बीच चारों सर्जरी पूरी हुईं

अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, भूकंप के समय चार ऑपरेशन चल रहे थे। राहत की बात यह रही कि भूकंप के बावजूद चारों सर्जरी पूरी की गईं और किसी भी मरीज को नुकसान नहीं पहुंचा। यह घटना इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि ऑपरेशन के दौरान मरीज पूरी तरह मेडिकल टीम पर निर्भर होता है। ऐसे में अचानक आए भूकंप के बीच डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ का संयम बनाए रखना अस्पताल की आपात तैयारी को भी दिखाता है।

Breaking News

भूकंप के बाद अस्पताल की सेवाएं हुईं प्रभावित

भूकंप का असर अस्पताल की दूसरी सेवाओं पर भी पड़ा।  NHK की रिपोर्ट के अनुसार रिपोर्ट के अनुसार, अस्पताल की पानी की सप्लाई प्रभावित होने के कारण कुछ समय के लिए ओपीडी सेवाएं रोकनी पड़ीं। इसके बाद अस्पताल ने आपात स्थिति के लिए सुरक्षित रखे गए कुएं के पानी की जांच कराई। पानी के सुरक्षित पाए जाने के बाद बाहरी मरीजों के लिए इलाज की सेवाएं दोबारा शुरू कर दी गईं। अस्पताल के निदेशक शिमादा शिन्या ने बताया कि कुछ लिफ्ट अब भी बंद थीं और भर्ती मरीजों के लिए भोजन की व्यवस्था भी पूरी तरह सामान्य नहीं हुई थी। इसके बावजूद अस्पताल ने अपनी सेवाएं फिर से शुरू कीं, ताकि मरीजों के इलाज पर ज्यादा असर न पड़े।

ऑपरेशन थिएटर में सोनू निगम का सुरों से इलाज! डॉक्टरों के लिए गाया मोहम्मद रफी का गाना

वीडियो देखकर डॉक्टरों की हो रही तारीफ

सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। लोग मेडिकल टीम के संयम और तत्परता की तारीफ कर रहे हैं। भूकंप के दौरान डॉक्टरों का मरीज को छोड़कर बाहर न जाना इस वीडियो का सबसे अहम हिस्सा है। हालांकि, इसे केवल बहादुरी की घटना के तौर पर नहीं, बल्कि आपदा के दौरान अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा और मेडिकल टीम की तैयारियों के उदाहरण के तौर पर भी देखा जा रहा है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts