सुप्रीम कोर्ट के जज को देना था गार्ड ऑफ ऑनर गलती से दे दिया ओवैसी को, होगी जांच

सहारनपुर। पुलिस की एक बड़ी गलती सामने आई है। यहां सर्किट हाउस में पुलिसकर्मियों ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम सुप्रीम कोर्ट के जज को गार्ड ऑफ ऑनर देने के लिए तैनात थी। घटना के सामने आने के बाद अधिकारियों ने जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं।
जज के स्वागत की तैयारी के बीच हुई चूक
जानकारी के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट के एक जज के आगमन को देखते हुए पुलिसकर्मी सुबह ही सहारनपुर के सर्किट हाउस पहुंच गए थे। इसी दौरान असदुद्दीन ओवैसी वहां पहुंच गए। उस वक्त संबंधित जज का आगमन नहीं हुआ था। पुलिसकर्मियों ने पहचान को लेकर भ्रम की स्थिति में ओवैसी को ही औपचारिक सलामी दे दी। बताया जा रहा है कि ओवैसी का सर्किट हाउस पहुंचना उनके निर्धारित कार्यक्रम में शामिल नहीं था। वह अचानक वहां पहुंचे थे, जिसके चलते यह स्थिति पैदा हुई।
चंद्रशेखर आजाद भी ओवैसी के साथ थे मौजूद
असदुद्दीन ओवैसी के साथ आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद भी सहारनपुर में मौजूद थे। दोनों नेता उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के मद्देनजर संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के लिए जिले में पहुंचे थे। पुलिसकर्मियों की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के दौरान ओवैसी वहीं खड़े रहे और उन्होंने सलामी स्वीकार की। ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने हाल ही में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा (SPM) के गठन का ऐलान किया था। यह संयुक्त राजनीतिक मोर्चा उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेगा।
SSP ने सौंपी जांच की जिम्मेदारी
इस मामले को लेकर सहारनपुर पुलिस की ओर से बयान जारी किया गया है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने घटना की जांच का जिम्मा पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) को सौंपा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि गार्ड ऑफ ऑनर सेना या पुलिस की ओर से किसी विशेष अतिथि के सम्मान में दी जाने वाली औपचारिक सलामी होती है। इसमें जवान एक निर्धारित व्यवस्था के तहत खड़े होकर सम्मान प्रकट करते हैं।




















