बालाघाट की मंडई में चाऊमीन खाने के बाद 118 बच्चे फूड पॉइजनिंग के शिकार, अस्पताल पहुंचे

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मंडई (मेले) में चाऊमीन खाने के बाद 118 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को पेट दर्द की शिकायत होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। यह मामला किरनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम हिर्री का है। यहां 21 नवंबर को मंडई का आयोजन किया गया था। मेले में चाऊमीन खाने के बाद बड़ी संख्या में बच्चों को पेट दर्द और फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण महसूस होने लगे। देखते ही देखते कई बच्चों की तबीयत खराब हो गई।
चाऊमीन खाने के बाद बिगड़ी बच्चों की तबीयत
जानकारी के मुताबिक, चाऊमीन खाने के बाद बच्चों को पेट दर्द की शिकायत होने लगी। इसके बाद सभी प्रभावित बच्चों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) किरनापुर ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए 45 से अधिक बच्चों को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय बालाघाट रेफर किया गया। वहीं, किरनापुर के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती बाकी बच्चों का भी इलाज किया गया। तबीयत में सुधार होने के बाद कुछ बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस घटना में केवल बच्चे ही नहीं, बल्कि 12 वयस्कों की तबीयत भी बिगड़ी। उन्हें भी इलाज के लिए जिला चिकित्सालय बालाघाट में भर्ती कराया गया है। इस तरह बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया।
कलेक्टर ने अस्पताल पहुंचकर जाना मरीजों का हाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद रविवार, 22 नवंबर की सुबह बालाघाट कलेक्टर आदित्य सिंह जिला चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने बच्चा वार्ड में भर्ती बच्चों से मुलाकात की और उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने अस्पताल के दूसरे वार्डों में भर्ती मरीजों का भी हाल जाना। कलेक्टर ने डॉक्टरों से इलाज की जानकारी लेते हुए सभी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों के उपचार में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।
ये भी पढ़ें: रीवा में बीच सड़क पर भिड़ीं दो महिलाएं, एक-दूसरे के बाल पकड़कर की मारपीट; पति से अफेयर के शक में विवाद
सभी मरीजों की हालत सामान्य, खतरे से बाहर
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने मरीजों की स्थिति को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय के बच्चा वार्ड में भर्ती सभी 45 बच्चों की हालत सामान्य है। इसके साथ ही मेडिकल वार्ड में भर्ती 12 वयस्कों की स्थिति भी ठीक बताई गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सभी मरीज खतरे से बाहर हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में मरीजों का इलाज
ग्राम हिर्री की मंडई में हुई इस घटना के बाद प्रभावित लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया। स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर और जिला चिकित्सालय में मरीजों को उपचार दिया जा रहा है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने सभी भर्ती मरीजों की हालत सामान्य बताई है। हालांकि, मेले में चाऊमीन खाने के बाद इतनी बड़ी संख्या में बच्चों और वयस्कों की तबीयत बिगड़ने से खाने की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद लोगों में चिंता का माहौल है।




















