Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जम्मू-कश्मीर : कुपवाड़ा में सेना के साथ मुठभेड़ में एक आतंकी ढेर, AK-47 राइफल और हैंड ग्रेनेड बरामद

Follow on Google News
जम्मू-कश्मीर : कुपवाड़ा में सेना के साथ मुठभेड़ में एक आतंकी ढेर, AK-47 राइफल और हैंड ग्रेनेड बरामद
श्रीनगर जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। अधिकारियों ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने बुधवार को उत्तरी कश्मीर जिले के लोलाब के मार्गी इलाके में घेराबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया था, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारियों ने बताया कि अभियान सफलतापूर्वक पूरा हो गया। मुठभेड़ स्थल से एक एके-47 राइफल, दो हैंड ग्रेनेड और चार एके राइफल मैगजीन बरामद की गईं हैं।

बांदीपोरा में एक आतंकी ढेर

अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार को सुरक्षाबलों को बांदीपोरा के चूंटपाथरी फॉरेस्ट में आतंकवादियों के छिपे होने की खबर मिली थी। जिसके बाद इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। वहीं सेना और सीआरपीएफ के एक-एक जवान घायल हो गए।

पिछले 5 दिन में चौथा एनकाउंटर

नवंबर महीने की शुरुआत में ही सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच श्रीनगर, बांदीपोरा और अनंतनाग में 3 एनकाउंटर हो चुके हैं। इनमें 4 जवान घायल हुए थे और 3 आतंकी मारे गए थे। 3 नवंबर को जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में ग्रेनेड हमला हुआ था। संडे मार्केट पर हुए हमले में दुकानदारों और खरीदारों समेत 12 लोग जख्मी हुए। ब्लास्ट की वजह से संडे बाजार में आई भीड़ में कई लोगों के घायल होने की खबर आई थी। इससे पहले 2 नवंबर को भी श्रीनगर के खानयार में मुठभेड़ के दौरान एक आतंकवादी मारा गया था। इस एनकाउंटर में चार जवान घायल हुए थे।

अक्टूबर में आतंकी हमले

28 अक्टूबर: अखनूर में LoC के पास आर्मी एंबुलेंस पर फायरिंग करने के बाद आतंकी जंगल की ओर भाग गए थे। जिसके बाद 5 घंटे तक चले एनकाउंटर में 3 आतंकी ढेर हुए। 24 अक्टूबर: बारामूला में सेना की गाड़ी पर आतंकियों ने हमला कर दिया था। जिसकी जिम्मेदारी PAFF संगठन ने ली थी। 24 अक्टूबर: दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के बटगुंड में आंतकवादियों ने मजदूर पर गोलीबारी की। जिसमें मजदूर घायल हो गया। 20 अक्टूबर: गांदरबल के सोनमर्ग में कश्मीर के डॉक्टर, MP के इंजीनियर और पंजाब-बिहार के 5 मजदूरों की जान चली गई थी। इसकी जिम्मेदारी लश्कर के संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली थी। 16 अक्टूबर: शोपियां में आतंकियों ने गैर-स्थानीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts