Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जनता के द्वार पहुंचा प्रशासन: जाजनखेड़ी-धामंदा में शिविर, कलेक्टर-एसपी ने सुनीं समस्याएं, अफसरों को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में प्रशासन गांवों तक पहुंचा। जाजनखेड़ी में कलेक्टर-एसपी ने समस्याएं सुनीं, धामंदा में राजस्व मंत्री ने संवाद किया और निपानिया कला स्कूल का निरीक्षण किया।
गांव की चौपाल पर पहुंचा प्रशासन, कलेक्टर-एसपी ने सुनीं समस्याएं

सीहोर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शनिवार को सीहोर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन की सक्रियता नजर आई। जाजनखेड़ी और धामंदा में शिविर लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया गया, वहीं कलेक्टर बालागुरु के. और पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने निपानिया कला के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान और सरकारी योजनाओं की वास्तविक पहुंच सुनिश्चित करना रहा।

गांव तक पहुंचा प्रशासन, नहीं लगाना पड़ेगा दफ्तरों के चक्कर

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम पंचायत खजुरिया कलां के ग्राम जाजनखेड़ी में भ्रमण एवं शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर बालागुरु के. और एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, शिकायतें और आवश्यकताएं सुनीं। ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लिया जाए और नियमानुसार समय-सीमा में उसका निराकरण किया जाए। जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव था, उनमें तत्काल कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यप्रणाली संवेदनशील और जवाबदेह होनी चाहिए।

जानकारी के अभाव में कोई पात्र हितग्राही न रहे वंचित

कलेक्टर ने ग्रामीणों से कहा कि शासन द्वारा आर्थिक सहायता, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा सहित अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कई बार जानकारी के अभाव में पात्र व्यक्ति इन योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते। उन्होंने ग्रामीणों से स्वयं योजनाओं की जानकारी लेने और अन्य पात्र लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।

एक जगह जुटे विभाग, ग्रामीणों को मिली योजनाओं की जानकारी

शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ की जानकारी दी। ग्रामीणों से आवेदन भी प्राप्त किए गए और आवश्यक दस्तावेज व विभागीय प्रक्रिया से जुड़े मामलों में संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

एसपी ने साइबर ठगी से बचने का दिया संदेश

पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने ग्रामीणों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि बैंक खाता, एटीएम, पासवर्ड, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। उन्होंने बच्चों और बुजुर्गों सहित परिवार के सदस्यों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।

ये भी पढ़ें: बारिश में बहन को चादर से ढका, कुत्ते को भी भगाया... रक्षाबंधन पर नन्हे भाई का वीडियो वायरल

निपानिया कला स्कूल में शिक्षा व्यवस्था की पड़ताल

अभियान के तहत कलेक्टर और एसपी ने ग्राम निपानिया कला की शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक व्यवस्था, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

धामंदा में राजस्व मंत्री ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

ग्राम धामंदा में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शिविर में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं जानीं। विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शिविर में मौजूद रहे और ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

मंत्री ने कहा- पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों से ग्रामीणों के आवेदनों का नियमानुसार और समय-सीमा में निराकरण करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल परिसरों का निरीक्षण

इसी दिन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव संजीव सिंह ने सीहोर जिले के खेल परिसरों का निरीक्षण किया। उन्होंने चर्च ग्राउंड फुटबॉल स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम, बैडमिंटन हॉल और वेटलिफ्टिंग हॉल सहित विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। खिलाड़ियों को उपलब्ध सुविधाओं और खेल गतिविधियों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें: चित्रकूट में बाढ़ का तांडव! मंदाकिनी उफनी, पुल बहा; घरों में घुसा पानी

मेजर ध्यानचंद को किया नमन

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रमुख सचिव ने महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने खिलाड़ियों और खेल विभाग से जुड़े अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए जिले की खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत्रि...Read More

Latest Posts