Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Anu Meena Suicide Case  :भाई का आरोप-नौकरानी के साथ रोमांस कर रहा था गौतम, अनु ने देखा तो करने लगा था ज्यादा पिटाई

जयपुर में अनु मीणा सुसाइड केस में नया खुलासा हुआ है। मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि पीडब्ल्यूडी अधिकारी जीजा गौतम को बहन अनु ने नौकरानी के साथ गलत हरकत करते देख लिया था। इसके बाद से वह अनु के साथ ज्यादा मारपीट कर रहा था। वह सीसीटीवी से बचते हुए अनु के साथ मारपीट करता था।
भाई का आरोप-नौकरानी के साथ रोमांस कर रहा था गौतम, अनु ने देखा तो करने लगा था ज्यादा पिटाई

जयपुर। एक संभ्रांत परिवार में सब कुछ सामान्य दिखाई देता था। बाहर से आलीशान जिंदगी, सरकारी अफसर पति और दो मासूम बच्चों की हंसी... लेकिन घर की बंद दीवारों के भीतर एक महिला हर दिन टूट रही थी। 36 वर्षीय अनु मीणा लंबे समय से घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना झेल रही थीं। आखिरकार 7 अप्रैल 2026 को उन्होंने अपनी जिंदगी खत्म कर ली। शुरुआत में इसे सामान्य पारिवारिक विवाद का मामला माना गया, लेकिन डेढ़ महीने बाद सामने आए CCTV फुटेज और परिजनों के आरोपों ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया।

नौकरानी के साथ संबंधों का आरोप 

मृतका के भाई नीरज मीणा ने पुलिस को दी शिकायत में दावा किया है कि अनु ने अक्टूबर 2025 में अपने पति गौतम मीणा को घर की नौकरानी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया था। बताया गया कि दीपावली के दौरान गौतम परिवार के साथ गांव गया था, जहां उसने सफाई के बहाने नौकरानी को बुलाया। इसी दौरान अनु ने दोनों को रंगे हाथों देख लिया। आरोप है कि इसके बाद गौतम बुरी तरह भड़क गया और उसने अनु के साथ मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए अनु पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदारों के घर भागी थीं और मायके में फोन कर पूरी घटना बताई थी।

ये भी पढ़ें: ट्विशा केस में सुप्रीम कोर्ट : दोनों पक्षों को बयानबाजी से बचने की सलाह, MP सरकार बोली- सास जांच में मदद नहीं कर रही

समझौते के बाद और बढ़ी प्रताड़ना 

परिजनों के अनुसार, उस समय रिश्तेदारों और परिवार वालों ने समझौता करवा दिया था। कुछ समय तक मामला शांत भी रहा, लेकिन इसके बाद अनु के साथ हिंसा और ज्यादा बढ़ गई। आरोप है कि आरोपी पति आए दिन शराब पीकर घर आता और अनु के साथ-साथ बच्चों को भी प्रताड़ित करता था। अनु मानसिक रूप से टूट चुकी थीं, लेकिन बच्चों की वजह से वह सब कुछ सहती रहीं।

खुद की सुरक्षा के लिए लगवाए CCTV कैमरे 

अनु ने अपनी सुरक्षा के लिए घर में CCTV कैमरे लगवाए थे। यह सलाह उनके भाई ने दी थी ताकि पति की हरकतें रिकॉर्ड हो सकें और शायद कैमरों के डर से मारपीट रुक जाए। कैमरों का एक्सेस अनु ने अपने मोबाइल में रखा था। हालांकि आरोप है कि गौतम कैमरों से बचकर भी हिंसा करता रहा। अनु की मौत के बाद जब बेटे ने मामा से मां का मोबाइल देखने को कहा, तब उसमें सेव CCTV फुटेज ने सबको झकझोर दिया। वीडियो में गौतम मीणा अनु को पीटते, घर का सामान तोड़ते और उस पर थूकते हुए दिखाई दे रहा है।

ये भी पढ़ें: मैं रहूं न रहूं, हमेशा साथ रहूंगा.... प्रेमानंदजी का भावुक संदेश, स्वास्थ्य कारणों से पदयात्रा स्थगित, भक्तों से श्रीजी के ध्यान की अपील

गैस खोलकर मारने की कोशिश का आरोप 

परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि 13 मार्च को गौतम मीणा ने अमानवीयता की सारी हदें पार कर दी थीं। बताया गया कि उसने अनु और बच्चों को कमरे में बंद कर गैस चूल्हा चालू छोड़ दिया और घर लॉक करके चला गया। काफी देर बाद अनु ने किसी परिचित को बुलाकर दरवाजा खुलवाया और अपनी जान बचाई। बच्चों ने पुलिस को बताया कि उनके पिता रोज शराब पीकर मारपीट करते थे और यहां तक कहते थे कि नौकरानी को मां कहकर बुलाओ।

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस 

इस मामले में जयपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी गौतम मीणा फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं मृतका के परिवार ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts