Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जबलपुर में तेज रफ्तार कार का कहर:13 मजदूरों को कुचला, 2 की मौत; 7 की हालत नाजुक

जबलपुर के बरेला थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने 13 मजदूरों को कुचल दिया। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 मजदूर घायल हुए हैं। घायलों में सात की हालत नाजुक है। सभी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।
13 मजदूरों को कुचला, 2 की मौत; 7 की हालत नाजुक
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    मध्य प्रदेश के जबलपुर में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे बैठे 13 मजदूरों को कुचल दिया। इस हादसे में 2 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से 7 की हालत नाजुक बताई जा रही है।

    एकता चौक पर हुआ हादसा

    यह हादसा बरेला थाना क्षेत्र के एकता चौक पर दोपहर करीब 2 बजे हुआ। हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान चैनवती बाई (40 वर्ष) और लच्छो बाई (40 वर्ष) के रूप में हुई है।

    मंडला जिले के रहने वाले थे सभी मजदूर

    मृतक और घायल सभी मजदूर मंडला जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र के बिहारिया गांव के रहने वाले हैं। वे पिछले करीब डेढ़ महीने से जबलपुर में मजदूरी कर रहे थे।

    खाना खाते समय कार ने रौंदा

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूर सड़क के डिवाइडर में लगी लोहे की जालियों की सफाई कर रहे थे। काम खत्म होने के बाद वे वहीं बैठकर खाना खा रहे थे, तभी बरेला से जबलपुर की ओर आ रही एक सफेद कार ने उन्हें कुचल दिया और मौके से फरार हो गई।

    घायल मजदूर ने सुनाई आपबीती

    घायल मजदूर महंत उइके ने बताया कि कार अचानक सामने आ गई। किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और कार कई मजदूरों को कुचलते हुए निकल गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, कई साथी सड़क पर घायल पड़े थे।

    पुलिस और प्रशासन मौके पर

    हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने बरेला थाना पुलिस और डायल 108 को सूचना दी। थाना प्रभारी अनिल पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया गया।

    फरार कार चालक की तलाश जारी

    बरेला थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है। फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे CCTV कैमरों और टोल नाकों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

    घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।

    ये मजदूर हुए घायल

    • गीता बाई उइके (40 वर्ष)
    • गुमशा बाई (40 वर्ष)
    • मीराबाई (45 वर्ष)
    • राजकुमारी बाई (35 वर्ष)
    • वर्षा कुशराम (45 वर्ष)
    • जमुना बाई (40 वर्ष)
    • कृष्णा बाई (40 वर्ष)
    • होरी बाई (35 वर्ष)
    • भगवती बाई (35 वर्ष)
    • ज्ञानवती बाई (41 वर्ष)
    • लक्ष्मी गौंड (40 वर्ष)
    Shivani Gupta
    By Shivani Gupta

    शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

    Latest Posts