जबलपुर में ATS की कार्रवाई, फर्जी पासपोर्ट-वीजा के शक में तीन अफगानी नागरिक हिरासत में

जबलपुर। शहर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की तलाश में एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध अफगानी नागरिकों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों पर कथित तौर पर फर्जी पासपोर्ट और वीजा के आधार पर भारत में रहने का संदेह है। सुरक्षा एजेंसियां उनकी पहचान, पृष्ठभूमि और भारत में प्रवेश से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही हैं। मेडिकल परीक्षण के बाद तीनों को अदालत में पेश किया गया।
चेहरे ढंककर विक्टोरिया अस्पताल पहुंची टीम
कार्रवाई की गोपनीयता बनाए रखने के लिए एटीएस की टीम तीनों संदिग्धों के चेहरे ढंककर विक्टोरिया अस्पताल पहुंची। यहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने अस्पताल प्रबंधन को भी उनकी पहचान और मामले से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं करने के निर्देश दिए। फिलहाल तीनों के नाम और अन्य व्यक्तिगत जानकारियां गोपनीय रखी गई हैं।
अफगानिस्तान दूतावास से दस्तावेजों की जांच
एटीएस सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध किस रास्ते से भारतीय सीमा में दाखिल हुए और जबलपुर में उन्हें किसने शरण दी। उनके पास मिले पासपोर्ट और वीजा की वास्तविकता जांचने के लिए विदेश मंत्रालय तथा अफगानिस्तान दूतावास से संपर्क किया जा रहा है। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
कोकीन तस्करी में पकड़ी नाइजीरियाई महिला की कोर्ट ने जमानत अर्जी की खारिज
पहले भी छह अफगानी संदिग्ध हो चुके हैं गिरफ्तार
गौरतलब है कि जबलपुर में इससे पहले भी विदेशी नागरिकों की गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां कार्रवाई कर चुकी हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पूर्व में दो अलग-अलग कार्रवाइयों में छह अफगानी संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। आरोप था कि वे शहर की तंग बस्तियों में कथित तौर पर पहचान बदलकर रह रहे थे। कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियां फिर सतर्क हो गई हैं।




















