जबलपुर में दर्दनाक सड़क हादसा:स्कॉर्पियो में लगी भीषण आग, दो लोगों की जलकर मौत; निकलने का नहीं मिला मौका

जबलपुर के बरेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत शारदा मंदिर के पास मंगलायतन यूनिवर्सिटी के ढलान पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। हादसे में स्कॉर्पियो में सवार दो लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई।
स्कॉर्पियो में लगी भीषण आग, दो लोगों की जलकर मौत; निकलने का नहीं मिला मौका

जबलपुर। एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा के अनुसार, मंडला की ओर से आ रही स्कॉर्पियो ने हाईवा को ओवरटेक करने का प्रयास किया था। इसी दौरान सामने से आ रहे दूसरे हाईवा से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई, जिसके बाद स्कॉर्पियो में भीषण आग लग गई।

दो हाईवा के बीच फंसी स्कॉर्पियो

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो दोनों हाईवा वाहनों के बीच में बुरी तरह फंस गई। हादसे के तुरंत बाद वाहन में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग से पूरी स्कॉर्पियो जलकर राख हो गई। 

दो लोगों की जलकर मौत 

हादसे की सूचना मिलते ही बरेला थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। स्कॉर्पियो में सवार दो लोगों को गाड़ी से बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। दोनों वाहन के भीतर ही फंस गए, जिससे उनकी मौके पर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई।

फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू

सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में लगी आग पर काबू पाया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 

हरियाणा नंबर की निकली स्कॉर्पियो

एडिशनल एसपी ने बताया कि गाड़ी के नंबर के आधार पर प्रारंभिक जांच में वाहन आर्य नगर, रोहतक (हरियाणा) का होना पाया गया है। पुलिस ने वाहन मालिक से संपर्क कर लिया है। मृतकों की पहचान और मामले की जांच की जा रही है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts