Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

घर छोड़कर बाहर जाना पड़ा भारी! इटारसी में चोरों ने उड़ाए साढ़े 3 लाख के जेवर और नकदी

इटारसी के न्यूयार्ड क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक रेलवे क्वार्टर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार के शहर से बाहर हरदा जाने के दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब 10 हजार रुपये नकद और लगभग साढ़े तीन लाख रुपये के सोने के आभूषण सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।

इटारसी। नर्मदापुरम जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से ‘सजग प्रहरी अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके बावजूद घरों की सुरक्षा को लेकर लोगों की लापरवाही सामने आ रही है। ताजा मामला इटारसी के न्यूयार्ड क्षेत्र का है, जहां शहर से बाहर गए एक दंपति के घर अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर घर का ताला तोड़कर नकदी और लाखों रुपये के सोने के आभूषण सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

शहर से बाहर गया था परिवार, पीछे से टूट गया ताला

घटना न्यूयार्ड स्थित डबल स्टोरी रेलवे क्वार्टर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मकान में रहने वाला परिवार किसी काम से हरदा गया हुआ था। परिवार की गैरमौजूदगी में अज्ञात चोरों ने घर को निशाना बनाया। जब परिवार वापस इटारसी लौटा तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।

नकदी और सोने के जेवर पर चोरों ने किया हाथ साफ

फरियादी के अनुसार, चोर घर से 10 हजार रुपये नकद और करीब साढ़े तीन लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण चोरी कर ले गए। इसके अलावा घर में रखा अन्य कीमती सामान भी चोरी होने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटाने के साथ ही संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

एक सप्ताह में चोरी की दूसरी घटना

न्यूयार्ड क्षेत्र में चोरी की यह घटना इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि करीब एक सप्ताह के भीतर इसी क्षेत्र में चोरी की यह दूसरी वारदात बताई जा रही है। लगातार सामने आ रही घटनाओं से स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई है।

पुलिस ने घर से बाहर जाने वालों से की अपील

नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा ने चोरी की घटनाओं को रोकने और नागरिकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए ‘सजग प्रहरी अभियान’ शुरू किया है। अभियान के तहत पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि घर को कुछ समय के लिए भी छोड़कर बाहर जाने पर स्थानीय थाने को इसकी जानकारी दें। पुलिस का मानना है कि ऐसी सूचना मिलने पर संबंधित क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ाई जा सकती है और घर की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं।

पुलिस बोली- 'सूचना देने की आदत बनाएं'

इटारसी थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया कि जिस घर में चोरी हुई, वहां रहने वाले लोगों ने बाहर जाने से पहले पुलिस को सूचना नहीं दी थी। हालांकि, उन्होंने बताया कि ‘सजग प्रहरी अभियान’ के तहत अब नागरिकों की ओर से सूचनाएं मिलना शुरू हो गई हैं। पुलिस का कहना है कि अभियान के तहत आगे भी जागरूकता बढ़ाई जाएगी, ताकि लोग अपनी सुरक्षा को लेकर अधिक सजग रहें और चोरी जैसी घटनाओं को रोकने में पुलिस का सहयोग कर सकें।

वरिष्ठ पत्रकार सुधांशु मिश्र के अनुसार, यदि नागरिक भी अपनी सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारी निभाएं और पुलिस को समय पर जानकारी दें, तो पुलिस की निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकता है।

Tajul Khan
By Tajul Khan

Latest Posts