ईरान में अंदरूनी मतभेद!IRGC बोला- अमेरिका से हर हाल में लेंगे खून का बदला, सरकार बोली- युद्ध नहीं बल्कि ऐसे निकाले रास्ता....

तेहरान। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अब ईरान के अंदर भी रणनीति को लेकर मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं। सबसे बड़ा विवाद दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्गों में शामिल होर्मुज स्ट्रेट को लेकर है। एक तरफ ईरान की ताकतवर सैन्य संस्था इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) अमेरिका के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की बात कर रही है, वहीं राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान की सरकार बातचीत और कूटनीतिक समाधान को बेहतर रास्ता मान रही है।
क्या चाहता है IRGC?
सौफान सेंटर के वरिष्ठ विश्लेषक केनेथ कैट्जमैन के मुताबिक, ईरान के सत्ता तंत्र में फिलहाल दो अलग-अलग सोच काम कर रही हैं। उनका कहना है कि IRGC और कट्टरपंथी धड़ा मानता है कि होर्मुज स्ट्रेट पर नियंत्रण ईरान की सबसे बड़ी रणनीतिक ताकत है। इसी के जरिए अमेरिका पर दबाव बनाया जा सकता है और उसे कड़ा संदेश दिया जा सकता है। कट्टरपंथी नेताओं का मानना है कि अमेरिका के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे भविष्य में वह ईरान के खिलाफ सैन्य कदम उठाने से पहले कई बार सोचे।
यह भी पढ़ें: ट्रंप के भरोसेमंद साथी का निधन! 71 साल की उम्र में लिंडसे ग्राहम ने दुनिया को कहा अलविदा
सरकार बोली- ओमान की मध्यस्थता से चर्चा संभव
दूसरी ओर, राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान और संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ जैसे नेता सैन्य टकराव बढ़ाने के बजाय बातचीत का रास्ता अपनाना चाहते हैं। उनका मानना है कि ओमान की मध्यस्थता से अमेरिका और ईरान के बीच फिर से वार्ता शुरू हो सकती है। सरकार का उद्देश्य क्षेत्रीय तनाव कम करना और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर शांतिपूर्ण समाधान निकालना है।
अमेरिका- होर्मुज हमारी जरूरी प्राथमिकताओं में शामिल
इस बीच अमेरिका ने भी स्पष्ट कर दिया है कि होर्मुज स्ट्रेट को खुला रखना उसकी रणनीतिक प्राथमिकताओं में शामिल है। दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल व्यापार इसी समुद्री मार्ग से गुजरता है। वॉशिंगटन ने चेतावनी दी है कि यदि इस रास्ते को बंद करने या जहाजों की आवाजाही में बाधा डालने की कोशिश हुई तो उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा।
पिता की मौत का बदला लेना पूरे राष्ट्र की इच्छा : मोजतबा
इसी बीच ईरान के नए सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह मोजतबा खामेनेई ने अपने पिता अली खामेनेई की हत्या का बदला लेने की शपथ लेने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि बदला लेना पूरे राष्ट्र की इच्छा है। इस बयान के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
ईरान के कई शहरों में फिर बरसे बम
तनाव के बीच रविवार तड़के ईरान के कई शहरों में विस्फोटों की खबर सामने आई। सीएनएन के मुताबिक, बुशहर और असलुयेह में धमाकों की आवाज सुनी गई। वहीं रॉयटर्स के अनुसार, सरकारी मीडिया ने बंदर अब्बास और सिरिक में विस्फोटों की सूचना दी, जबकि केशम द्वीप पर भी धमाकों की आवाज सुनाई देने की बात कही गई। हालांकि इन विस्फोटों के कारणों और किसी नुकसान को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।



















