Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

चुनाव से पहले ट्रंप का ‘5,000 डॉलर’ वाला वादा, बोले- रिपब्लिकन जीते तो मिलेगा पैसा

डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के मध्यावधि चुनाव से पहले बड़ा चुनावी वादा किया है। उन्होंने कहा कि रिपब्लिकन पार्टी अगर प्रतिनिधि सभा और सीनेट पर नियंत्रण बनाए रखती है तो हर वयस्क अमेरिकी को 5,000 डॉलर दिए जाएंगे। ट्रंप ने इसे ‘ट्रंप डिविडेंड’ नाम दिया। प्रस्ताव पर एक ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा खर्च का अनुमान है, लेकिन फंडिंग का स्रोत स्पष्ट नहीं है।
चुनाव से पहले ट्रंप का ‘5,000 डॉलर’ वाला वादा, बोले- रिपब्लिकन जीते तो मिलेगा पैसा
डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के मध्यावधि चुनाव से पहले बड़ा चुनावी वादा किया है।

अमेरिका में नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐसा चुनावी वादा कर दिया है, जिसने सियासी माहौल गरमा दिया है। ट्रंप ने कहा है कि अगर रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों सदनों में अपना नियंत्रण बनाए रखती है, तो हर वयस्क अमेरिकी को 5,000 डॉलर दिए जाएंगे। ट्रंप ने इस रकम को ‘ट्रंप डिविडेंड’ नाम दिया है।

डैलस में ट्रंप ने खोला बड़ा चुनावी पत्ता

रिपब्लिकन पार्टी के मध्यावधि सम्मेलन की पहली रात डैलस में समर्थकों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने यह बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर रिपब्लिकन पार्टी चुनाव जीतती है तो इसका फायदा सीधे जनता को मिलेगा। ट्रंप ने अपने समर्थकों से कहा कि रिपब्लिकन की जीत के साथ उन्हें 5,000 डॉलर मिलेंगे। उनके इस ऐलान को आगामी चुनाव के लिए एक बड़े राजनीतिक दांव के तौर पर देखा जा रहा है।

‘इसे ट्रंप डिविडेंड कहा जाएगा’

ट्रंप ने अपने भाषण में इस प्रस्ताव को सिर्फ आर्थिक मदद के तौर पर पेश नहीं किया, बल्कि इसे अपनी राजनीतिक जीत से भी जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि अगर रिपब्लिकन पार्टी जीतती है तो जनता भी इस जीत में हिस्सेदार होगी। ट्रंप के मुताबिक, ‘आप हमारे साथ जीतेंगे और आपको 5,000 डॉलर मिलेंगे। इसे ट्रंप डिविडेंड कहा जाएगा’। हालांकि, इस रकम को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी राशि आएगी कहां से?

ये भी पढ़ें: फ्लाइट से होने वाली थी टक्कर! जेलेंस्की के विमान के बेहद करीब पहुंचा ड्रोन, मोल्दोवा से उड़ान के दौरान टला हादसा

एक ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा का खर्च?

इस प्रस्ताव की सबसे बड़ी चुनौती इसका खर्च है। अनुमान के मुताबिक, अगर हर वयस्क अमेरिकी को 5,000 डॉलर दिए जाते हैं तो सरकार पर कम से कम 1 ट्रिलियन डॉलर का अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। इतनी बड़ी रकम जुटाना आसान नहीं माना जा रहा है। ट्रंप ने अपने भाषण में यह साफ नहीं किया कि इस योजना के लिए पैसा किस स्रोत से आएगा। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि अमेरिका बहुत पैसा कमा रहा है। यही वजह है कि ट्रंप के इस वादे पर आर्थिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर सवाल उठ रहे हैं।

ट्रंप बोले- मानकर चलिए, मैं बैलेट पर हूं

अपने भाषण में ट्रंप ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों के लिए प्रचार करते हुए खुद को भी चुनाव का अहम चेहरा बताया। उन्होंने समर्थकों से कहा कि वे नवंबर के चुनाव को ऐसा मानकर चलें जैसे वह खुद भी बैलेट पर उम्मीदवार हों। ट्रंप ने कहा, ‘मैं आपसे कह रहा हूं कि ऐसा मानकर चलिए कि मैं बैलेट पर हूं’। इसके बाद उन्होंने इसी बात को दोहराते हुए कहा, ‘मैं बैलेट पर हूं, मैं बैलेट पर हूं...’

ये भी पढ़ें: एक बयान से बदला खेल! मायावती की शर्त के बाद BSP के पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ का फैसला, राजनीति से लिया संन्यास

सर्वे में पीछे चल रही रिपब्लिकन पार्टी

ट्रंप का यह बड़ा चुनावी वादा ऐसे वक्त आया है जब कई चुनावी सर्वे में रिपब्लिकन पार्टी डेमोक्रेट्स से पीछे बताई जा रही है। ऐसे में 5,000 डॉलर का वादा कितना असर डालता है, यह नवंबर के चुनाव में देखने वाली बात होगी। फिलहाल ट्रंप ने इस ऐलान के जरिए चुनावी मुकाबले में एक नया मुद्दा जरूर खड़ा कर दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है- क्या 5,000 डॉलर का यह वादा रिपब्लिकन पार्टी को चुनावी बढ़त दिला पाएगा?

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts