Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play

Breaking News

अब ट्यूब वाला टूथपेस्ट हुआ पुराना! जापान लाया कागज की शीट, पानी लगते ही बनेगा झाग और साफ होंगे दांत

जापान में प्लास्टिक की टूथपेस्ट ट्यूब का नया विकल्प सामने आया है। पेपर टूथपेस्ट शीट पानी और लार के संपर्क में आते ही घुलकर झाग बनाने लगती है। एक शीट सिर्फ 16×23 MM की है और इसे यात्रा में आसानी से रखा जा सकता है। कंपनी का दावा है कि इससे पारंपरिक टूथपेस्ट की तुलना में प्लास्टिक इस्तेमाल काफी कम होता है।
Follow on Google News
अब ट्यूब वाला टूथपेस्ट हुआ पुराना! जापान लाया कागज की शीट, पानी लगते ही बनेगा झाग और साफ होंगे दांत
जापान में प्लास्टिक की टूथपेस्ट ट्यूब का नया विकल्प सामने आया है।

टूथपेस्ट का नाम सुनते ही हमारे दिमाग में प्लास्टिक की ट्यूब आती है। ट्यूब खोलिए, ब्रश पर पेस्ट लगाइए और दांत साफ कर लीजिए। लेकिन जापान में अब टूथपेस्ट को इस्तेमाल करने का तरीका बदलने की कोशिश हो रही है। यहां एक कंपनी ने टूथपेस्ट को पेस्ट की जगह बहुत पतली पेपर शीट के रूप में पेश किया है। पहली नजर में यह किसी छोटी कागज की पट्टी जैसी दिखती है, लेकिन पानी या लार के संपर्क में आते ही यह घुलकर झाग बनाने लगती है। इसके बाद सामान्य टूथपेस्ट की तरह ब्रश किया जा सकता है।

सिर्फ एक छोटी सी शीट और काम पूरा

इस पेपर टूथपेस्ट की एक शीट का आकार करीब 16×23 मिलीमीटर बताया गया है। यानी इसे जेब, पर्स या बैग में आसानी से रखा जा सकता है। इसे इस्तेमाल करना भी काफी आसान है। सबसे पहले टूथब्रश को गीला करें और उसके ऊपर एक शीट रखें। पानी और लार के संपर्क में आते ही शीट घुलने लगती है और झाग बनने लगता है। इसके बाद सामान्य तरीके से दांत साफ किए जा सकते हैं। ब्रश करने के बाद पानी से कुल्ला करना होता है। कंपनी के मुताबिक, शीट मुंह में घुल जाती है, इसलिए टूथपेस्ट की तरह अलग से पेस्ट निकालने की जरूरत नहीं पड़ती।

ये भी पढ़ें: डायबिटीज में छोटी चोट क्यों बन जाती है बड़ी परेशानी? डॉक्टर ने बताया पैरों की जांच का सही तरीका

प्लास्टिक कचरा कम करना है मकसद

इस प्रोडक्ट का सबसे बड़ा उद्देश्य प्लास्टिक कचरे को कम करना है। आमतौर पर टूथपेस्ट प्लास्टिक की ट्यूब में मिलता है। ट्यूब खत्म होने के बाद वह कचरे में चली जाती है। कंपनी का दावा है कि पेपर टूथपेस्ट का इस्तेमाल करने से पारंपरिक ट्यूब वाले टूथपेस्ट की तुलना में करीब 98 फीसदी तक प्लास्टिक का इस्तेमाल कम किया जा सकता है। हालांकि, यह पूरी तरह प्लास्टिक-मुक्त प्रोडक्ट नहीं है। इसकी बाहरी पेपर पैकेजिंग में उत्पाद की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए पतली पॉलीथीन की परत का इस्तेमाल किया गया है। यानी इसका मकसद प्लास्टिक को पूरी तरह खत्म करना नहीं, बल्कि उसकी मात्रा को काफी कम करना है।

जापान में क्यों बढ़ रहा है ऐसा प्रयोग?

जापान में सिंगल यूज प्लास्टिक को कम करने पर काफी जोर दिया जा रहा है। सरकार ने 2030 तक सिंगल यूज प्लास्टिक में कुल 25 फीसदी कमी का लक्ष्य रखा है। रोजमर्रा की चीजों में प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने के लिए कंपनियां भी नए विकल्प तलाश रही हैं। होटल और ट्रैवल इंडस्ट्री में इसका खास महत्व हो सकता है। होटल में ठहरने पर अक्सर टूथब्रश, रेजर और हेयरब्रश जैसी कई चीजें मिलती हैं। इनमें से कई सामान प्लास्टिक के होते हैं। ऐसे में हल्की और छोटी टूथपेस्ट शीट प्लास्टिक कचरा कम करने का एक विकल्प बन सकती है।

ये भी पढ़ें: हर रात खर्राटे? कहीं शरीर चुपचाप किसी बीमारी दे रहा है संकेत! वजह जानकर हो जाएंगे हैरान

सफर में भी बेहद काम की चीज

पेपर टूथपेस्ट का फायदा सिर्फ घर तक सीमित नहीं है। इसका छोटा आकार और कम वजन इसे यात्रा, होटल, कैंपिंग और आपदा राहत किट जैसी जगहों के लिए भी उपयोगी बना सकता है। यात्रा के दौरान टूथपेस्ट की बड़ी ट्यूब रखने की जरूरत नहीं होगी। कुछ छोटी शीट साथ रखिए और जरूरत पड़ने पर एक शीट निकालकर ब्रश कर लीजिए। इसी वजह से जापान के कुछ होटलों में भी इस तरह के पेपर टूथपेस्ट के ट्रायल की बात सामने आई है।

बांस के टूथब्रश के साथ नया कॉम्बिनेशन

पेपर टूथपेस्ट बनाने वाली कंपनी पहले से ही पर्यावरण के अनुकूल टूथब्रश पर काम कर रही है। कंपनी ने करीब दो साल पहले बांस से बना टूथब्रश लॉन्च किया था और इसके 10 लाख से ज्यादा यूनिट बिकने की जानकारी दी है। अब कंपनी पेपर टूथपेस्ट और बांस के टूथब्रश को साथ इस्तेमाल करने पर जोर दे रही है। कंपनी का मानना है कि दोनों चीजों को अपनाकर रोजाना दांत साफ करने के दौरान पैदा होने वाले प्लास्टिक कचरे को और कम किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा में ‘विकास’ की दर्दनाक तस्वीर, 8 KM डोली में गर्भवती... नवजात की मौत

आम लोग भी खरीद सकेंगे

यह प्रोडक्ट सिर्फ कंपनियों और होटलों के लिए नहीं है। आम ग्राहक भी इसे खरीद सकेंगे। एक पैक में मिंट फ्लेवर वाली चार शीट दी जाती हैं। इसकी बाहरी पैकेजिंग का आकार करीब 70×70 मिलीमीटर है, जबकि इस्तेमाल होने वाली हर शीट सिर्फ 16×23 मिलीमीटर की है।

टूथपेस्ट की ट्यूब का बदल सकता है भविष्य?

जापान का यह प्रयोग दिखाता है कि पर्यावरण को बचाने के लिए रोजमर्रा की चीजों को नए तरीके से डिजाइन किया जा सकता है। जिस टूथपेस्ट को हम सालों से प्लास्टिक की ट्यूब में देखते आए हैं, उसे अब एक छोटी और घुलने वाली शीट में बदलने की कोशिश हो रही है। ब्रश वही है, दांत साफ करने का तरीका भी लगभग वही है, लेकिन टूथपेस्ट रखने का तरीका पूरी तरह बदल गया है। अगर ऐसे विकल्प बड़े स्तर पर अपनाए जाते हैं, तो रोजाना इस्तेमाल होने वाली चीजों से निकलने वाले प्लास्टिक कचरे को कम करने में मदद मिल सकती है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts