उड़ान भरी, टायर फटा और फिर छत गिरी... ईरान में टला बड़ा विमान हादसा, देखें VIDEO

सोचिए, विमान हवा में हो और अचानक तकनीकी खराबी आ जाए... फिर लैंडिंग के दौरान यात्रियों के ऊपर ही छत का हिस्सा गिरने लगे। ईरान में मंगलवार को ऐसा ही खौफनाक मंजर देखने को मिला। सेपहरान एयरलाइंस के बोइंग 737 विमान को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। गनीमत रही कि हादसे में किसी यात्री को चोट नहीं लगी और सभी सुरक्षित बाहर निकल आए।
टेकऑफ के बाद आई तकनीकी खराबी
सेपहरान एयरलाइंस का बोइंग 737 विमान ईरान के मशहद से करमानशाह के लिए रवाना हुआ था। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान में तकनीकी दिक्कत सामने आ गई। इसके बाद पायलटों ने इमरजेंसी घोषित की और विमान को वापस मशहद एयरपोर्ट ले जाने का फैसला किया।
लैंडिंग के वक्त यात्रियों के ऊपर गिरी छत
ईरानी की ओर से जारी वीडियो में विमान के अंदर का खौफनाक मंजर दिखाई दे रहा है। लैंडिंग के दौरान केबिन की अंदरूनी छत का एक हिस्सा अचानक नीचे गिर जाता है। इसके साथ यात्रियों का सामान भी नीचे आ गिरता है। वीडियो में विमान के अंदर का कुछ हिस्सा खुला हुआ नजर आता है। अचानक हुए इस घटनाक्रम से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग चीखते हुए दिखाई दिए।
टायर फटने की शुरुआती जानकारी
ब्राजील के न्यूज आउटलेट आर7 के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में यह बात सामने आई थी कि टेकऑफ के दौरान विमान का एक टायर फट गया था। हालांकि, इस जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अभी यह भी साफ नहीं है कि विमान में आई तकनीकी खराबी की असली वजह क्या थी। मामले की जांच के बाद ही इसकी पूरी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
जानकारी के मुताबिक, सेपहरान एयरलाइंस के प्रवक्ता हसन जाफरी ने ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी फार्स को बताया कि सभी यात्री सुरक्षित विमान से उतर गए। हादसे में किसी यात्री के घायल होने की जानकारी नहीं है। विमान से बाहर निकालने के बाद यात्रियों को करमानशाह पहुंचाने के लिए दूसरी फ्लाइट में भेज दिया गया।




















