सतना में डेंगू के 5 नए मरीज मिले, एक महीने में आंकड़ा 10 पहुंचा; युवक की मौत के बाद पत्नी और भाई भी संक्रमित

मध्य प्रदेश के सतना जिले में डेंगू के मामले बढ़ रहे हैं। पिछले दो दिनों में पांच नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही एक महीने में संक्रमितों की संख्या 10 हो गई है। डेंगू से 30 वर्षीय राजेश कोरी की मौत के बाद उसकी सात महीने की गर्भवती पत्नी प्रियंका और 18 वर्षीय भाई अजय की एलाइजा जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों को अस्पताल में भर्ती होकर इलाज कराने की सलाह दी है। गर्भवती महिला के इलाज में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
युवक की मौत के बाद परिवार के दो सदस्य संक्रमित
जानकारी के मुताबिक, राजेश कोरी की 1 नवंबर को डेंगू से मौत हो गई थी। उसका परिवार पुणे में रहता था। तबीयत बिगड़ने के बाद वह सतना आया था, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने परिवार के 10 सदस्यों के ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे थे। इनमें राजेश की 25 वर्षीय पत्नी प्रियंका और 18 वर्षीय भाई अजय की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। प्रियंका सात महीने की गर्भवती हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज कराने और विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
दो अन्य इलाकों में भी मिले डेंगू के मरीज
डेंगू के नए मामले सतना के दूसरे इलाकों में भी सामने आए हैं। बगहा निवासी राजकुमार कुशवाहा की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह बिरला अस्पताल में भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पिछले दो दिनों में मिले पांच मरीजों में तीन एक ही परिवार के हैं। इनके अलावा एक मरीज रामनगर और दूसरा बगहा क्षेत्र का है। मलेरिया विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक महीने में जिले में डेंगू के 10 मरीज मिल चुके हैं। लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।
निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों को नोटिस
डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और पैथोलॉजी सेंटरों को नोटिस जारी किए हैं। विभाग ने सभी संस्थानों को डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के पॉजिटिव मरीजों की जानकारी तत्काल आईएचआईपी पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। सतना के सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला ने कहा कि मरीजों की जानकारी देने में लापरवाही करने वाले संस्थानों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।




















