लॉस एंजेलिस में हेलीकॉप्टर क्रैश, लगी भीषण आग, 3 की मौत, एक घायल, मलबे में जारी है तलाश

अमेरिका के लॉस एंजेलिस में एक हेलीकॉप्टर अचानक क्रैश हो गया। सैन फर्नांडो वैली के चैट्सवर्थ इलाके में हुए इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हेलीकॉप्टर दो कमर्शियल इमारतों के बीच गिरा, जिसके बाद वहां आग लग गई। हादसे की वजह अभी सामने नहीं आई है और पुलिस-फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
दो कंटेनरों और गाड़ियों पर गिरा हेलीकॉप्टर
फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, हादसा नॉर्थ मेसन एवेन्यू के 9100 ब्लॉक के पास हुआ। हेलीकॉप्टर वहां रखे दो शिपिंग कंटेनरों और कई गाड़ियों के ऊपर जा गिरा। हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे फायरकर्मियों ने आग पर काबू पाने का काम शुरू किया।
हादसे के बाद लगी भीषण आग
हेलीकॉप्टर के गिरते ही वहां आग भड़क उठी। आग बुझाने के लिए लॉस एंजेलिस फायर डिपार्टमेंट की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। इस दौरान ऊपर से स्काईकैल हेलीकॉप्टर के जरिए पूरे घटनाक्रम की निगरानी और कवरेज की गई। आग बुझने के बाद फायरकर्मियों और पुलिस ने मौके पर जांच शुरू की।
अभी साफ नहीं, हेलीकॉप्टर में कितने लोग थे
हादसे के बाद पुलिस और फायर विभाग ने मौके से एक शव को बाहर निकाला। उसके ऊपर कैनोपी लगाई गई। हालांकि, उस समय हेलीकॉप्टर में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। शुरुआती रिपोर्ट में एक मौत की बात कही गई थी, लेकिन बाद में फायर डिपार्टमेंट ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की।
हादसे की वजह की जांच जारी
अधिकारियों के मुताबिक, अभी यह पता नहीं चल पाया है कि हेलीकॉप्टर अचानक कैसे क्रैश हुआ। मलबे की जांच की जा रही है। पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की टीमें हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। यह भी आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं हुआ है कि हादसे का शिकार हुआ हेलीकॉप्टर किस न्यूज चैनल या मीडिया संस्थान का था।




















