इंदौर में रियल एस्टेट कारोबारी बंटी नागर केस में चैटिंग-कॉल डिटेल खोल रही दबाव की परतें, घर तक पहुंच रहे थे वसूली करने वाले!

पलासिया पुलिस की जांच में बंटी नागर पर आर्थिक दबाव की परतें खुल रही हैं। CCTV, कॉल डिटेल और चैटिंग से कई लोगों के संपर्क और लेनदेन सामने आए हैं। कर्मचारियों ने बताया कि दबाव के कारण बंटी ऑफिस कम आने लगा था और कुछ लोग वसूली के लिए घर तक पहुंचते थे। एक डीएसपी के 60 लाख से अधिक रुपये भी अटके होने की जानकारी मिली है।
इंदौर में रियल एस्टेट कारोबारी बंटी नागर केस में चैटिंग-कॉल डिटेल खोल रही दबाव की परतें, घर तक पहुंच रहे थे वसूली करने वाले!
Ai Generated

इंदौर। रियल एस्टेट कारोबारी संदीप उर्फ बंटी नागर की आत्महत्या के मामले में पुलिस की जांच अब उसके कारोबारी लेनदेन, संपर्कों और कथित आर्थिक दबाव के इर्द-गिर्द घूम रही है। पलासिया पुलिस ने मंगलवार को चालक और कर्मचारियों को दोबारा थाने बुलाकर पूछताछ की। पुलिस ने घर और कार्यालय से मिले CCTV फुटेज, मोबाइल चैटिंग और कॉल डिटेल के आधार पर कर्मचारियों से उन लोगों के बारे में जानकारी ली, जो लगातार बंटी के संपर्क में थे।जांच के दौरान पुलिस को कई ऐसे नाम मिले हैं, जिनका बंटी के साथ जमीन, कॉलोनी और पैसों के लेनदेन से संबंध बताया जा रहा है। पुलिस अब इन संपर्कों की भूमिका और बंटी पर पड़ रहे कथित आर्थिक दबाव के बीच संबंध तलाश रही है।

संबंधित खबर: इंदौर में रियल एस्टेट कारोबारी बंटी नागर की मौत, कॉल रिकॉर्ड और लेन-देन की जांच

दबाव के चलते कार्यालय आना किया था कम

पुलिस के अनुसार बंटी के कार्यालय में स्तुति, भवानी, बालकिशन, मनीष, उमेश, नितेश और गोपाल सहित कर्मचारी काम करते थे। मंगलवार को इनके दोबारा बयान लिए गए। कर्मचारियों ने बताया कि बंटी पिछले कुछ समय से दबाव में था और इसी वजह से कार्यालय कम आने लगा था।कर्मचारियों के मुताबिक कुछ लोग पैसों की वसूली के लिए बंटी के घर तक पहुंचने लगे थे। कई बार उसकी गैरमौजूदगी में भी ये लोग घर पर बैठे रहते थे। पुलिस को मिले CCTV फुटेज में भी कुछ लोगों के घर आने-जाने की जानकारी मिलने की बात सामने आई है। अब पुलिस इन फुटेज में दिखाई देने वाले लोगों की पहचान और बंटी से उनके संबंधों की जांच कर रही है।

https://epapers.peoplessamachar.in/epaper/m/2384426/6abc243026094

चैटिंग और कॉल डिटेल में कई संपर्क

जांच में एक पटवारी के साथ बंटी की चैटिंग और कॉल डिटेल भी पुलिस के हाथ लगी है। पुलिस इस संपर्क का कारण और इससे जुड़े आर्थिक लेनदेन की पड़ताल कर रही है। बाल्याखेड़ी-बायपास के प्रोजेक्ट से जुड़े लेनदेन को भी जांच के दायरे में लिया गया है।इसके अलावा भानगढ़ और प्लेटिनम बायपास से जुड़े प्रॉपर्टी सौदों और पैसों के लेनदेन की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस का फोकस यह पता लगाने पर है कि बंटी किन-किन लोगों से पैसा लेता था, किसके पैसे निवेश करता था और किन लोगों का पैसा उसके पास अटका हुआ था।

संबंधित खबर: इंदौर में रियल एस्टेट कारोबारी बंटी नागर की मौत:7 हजार कॉल, मोबाइल लॉक और आखिरी बातचीत पर पुलिस की नजर

डीएसपी के 60 लाख से ज्यादा रुपये भी अटके

जांच में सबसे अहम जानकारी यह सामने आई है कि बंटी पुलिस अधिकारियों के पैसों का भी लेनदेन करता था। पुलिस के मुताबिक एक डीएसपी के 60 लाख रुपये से अधिक बंटी के पास अटके होने की जानकारी मिली है। कॉल डिटेल और चैटिंग के आधार पर इस लेनदेन की पुष्टि की जा रही है।बताया गया है कि संबंधित अधिकारी ने मुरादपुरा में डायरी पर बंटी से जमीन खरीदी थी। पुलिस अब इस सौदे से जुड़े दस्तावेज और भुगतान की जानकारी जुटा रही है।

फायनेंसर के दबाव की भी जांच

जांच में फायनेंसर बबलू उर्फ अशोक भाटिया का नाम भी सामने आया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि बंटी और उसके बीच किस तरह का आर्थिक लेनदेन था और क्या बंटी पर रकम लौटाने को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।इसके अलावा सन्नी, श्याम खत्री, विक्की रघुवंशी, अजय, संजय, गोपाल, पंकज, भटेजा, रितेश लुंकड़ और राजेश उर्फ राजू सहित कई लोगों से बंटी के संपर्क और लेनदेन की जानकारी पुलिस को मिली है। कुछ प्रशासनिक अधिकारियों से जुड़े लेनदेन की भूमिका भी जांची जा रही है।

संबंधित खबर: इंदौर के रियल एस्टेट कारोबारी बंटी नागर सुसाइड केस: अब अटके प्रोजेक्ट व करोड़ों का लेन-देन सहित फाइनेंसर पुलिस के रडार पर

500 करोड़ की चर्चा  भी जांच में

बंटी नागर की मौत के बाद करीब 500 करोड़ रुपये के कथित लेनदेन और दुबई तक पैसे पहुंचने की चर्चाएं भी सामने आई थीं। हालांकि इन चर्चाओं की अभी पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने बंटी के मोबाइल फोन जब्त किए हैं और उनमें मौजूद चैटिंग, कॉल हिस्ट्री तथा अन्य डिजिटल जानकारी को जांच का हिस्सा बनाया है।बंटी के तीन महिलाओं से संपर्क को लेकर भी पहले से चर्चा थी। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर चुकी है, हालांकि किसी व्यक्ति की भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष अभी सामने नहीं आया है।

स्वजन से दस्तावेज मांगे

पुलिस अब बंटी के परिजन से संपत्ति और आर्थिक लेनदेन से जुड़े दस्तावेज लेने की तैयारी कर रही है। स्वजन ने संबंधित दस्तावेज पेश करने के लिए समय मांगा है। दस्तावेज मिलने के बाद पुलिस उन्हें बैंक लेनदेन, कॉल डिटेल, चैटिंग और प्रॉपर्टी सौदों से मिलाकर देखेगी।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts