Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सफाईकर्मी पर बस से गिरा 1 क्विंटल का पार्सल: गंभीर घायल कंधे और पसली में फ्रैक्चर

राजमोहल्ला क्षेत्र में सुबह सफाई कर रही नगर निगम की महिला कर्मचारी पर बस की छत से करीब एक क्विंटल वजनी पार्सल गिर गया। हादसे में महिला गंभीर घायल हो गई। कंधे और पसली में फ्रैक्चर आने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि प्रशासन ने ट्रांसपोर्ट गोदाम सील कर जांच शुरू कर दी।
 गंभीर घायल कंधे और पसली में फ्रैक्चर

इंदौर के राजमोहल्ला इलाके में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क की सफाई कर रही नगर निगम की महिला कर्मचारी पर अचानक बस की छत से भारी पार्सल गिर गया। करीब एक क्विंटल वजनी पार्सल सीधे महिला के ऊपर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया।

 

जानकारी के अनुसार घायल महिला का नाम सुनीता बाली है, जो नगर निगम के जोन-2 अंतर्गत वार्ड क्रमांक-69 में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। रविवार सुबह भी वह रोजाना की तरह राजमोहल्ला क्षेत्र में सड़क सफाई कर रही थीं। इसी दौरान वहां खड़ी हंसचाल ट्रेवल्स की बस की छत पर सामान लोडिंग का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की छत पर भारी पार्सल चढ़ाते समय अचानक संतुलन बिगड़ गया और पार्सल सीधे नीचे गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि पार्सल का वजन लगभग एक क्विंटल था। पार्सल गिरते ही महिला जोरदार तरीके से सड़क पर गिर गई और दर्द से चीखने लगी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े। स्थानीय नागरिकों और अन्य कर्मचारियों ने घायल महिला को संभाला और बिना देर किए वर्मा यूनियन अस्पताल पहुंचाया।

और पढ़ें: Tamil Nadu CM Oath Ceremony LIVE: चेन्नई में गूंजा ‘थलापति’ का नाम,तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री बने सुपरस्टार विजय

अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि महिला के कंधे और पसलियों में फ्रैक्चर आया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है और उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घायल महिला के बयान दर्ज किए। महिला ने पुलिस को बताया कि बस के ऊपर सामान चढ़ा रहे व्यक्ति के हाथ से पार्सल अचानक छूट गया था। नीचे सफाई कार्य चल रहा था, लेकिन इसके बावजूद लापरवाही के साथ भारी सामान की लोडिंग की जा रही थी। इसी लापरवाही के चलते यह बड़ा हादसा हुआ।

और पढ़ें: इंदौर: ग्रामीण हाट बाजार पहुंचे सीएम डॉ. मोहन यादव, मैंगो जत्रा में आम की प्रदर्शनी का किया अवलोकन

घटना के बाद प्रशासनिक अमला और नगर निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंडियन ट्रांसपोर्ट के गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि यह जांच की जाएगी कि सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं और भारी सामान की लोडिंग के दौरान पर्याप्त सावधानी क्यों नहीं बरती गई।नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सुबह की सफाई व्यवस्था के दौरान यह हादसा हुआ है। एआरओ को मौके पर भेजकर स्थिति का निरीक्षण कराया गया और संबंधित गोदाम के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पूरे मामले में जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी घटना को लेकर नाराजगी जताई है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...

Latest Posts