इंदौर में दूध हुआ महंगा! 1 अक्टूबर से डेयरी पर ₹68 लीटर, घर पहुंच सेवा के भी बदले दाम

इंदौर- इंदौर में दूध उपभोक्ताओं पर महंगाई का एक और असर पड़ने वाला है। इंदौर दूध विक्रेता संघ की कार्यकारिणी बैठक में शहर में दूध के नए भाव तय किए गए हैं। संघ के मुताबिक, 1 अक्टूबर से दूध की नई दरें लागू होंगी। कम बारिश, पशु आहार की बढ़ती कीमत और लगातार बढ़ती महंगाई को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।संघ के अध्यक्ष भारत मथुरावाला की अध्यक्षता में हुई बैठक में दूध के क्रय-विक्रय को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। दूध की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए अब खरीद और बिक्री फैट प्रणाली के आधार पर करने पर जोर दिया गया है।
https://peoplesupdate.com/reels-details/indore-milk-price-hike-1-october-68-rupees-per-liter-180542
किसानों से दूध खरीद की दर बढ़ी
बैठक में तय किया गया कि दूध उत्पादक किसानों से अब 9.23 रुपए प्रति फैट की दर से दूध खरीदा जाएगा। इससे पहले विक्रेताओं द्वारा किसानों को 8.90 रुपए प्रति फैट दिए जा रहे थे।इस तरह किसानों को प्रति फैट 33 पैसे की बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा। संघ का कहना है कि कम बारिश और पशु आहार की बढ़ती लागत के कारण दूध उत्पादन की लागत भी प्रभावित हो रही है। इसी को देखते हुए खरीद दर में बदलाव किया गया है।
ये भी पढ़ें: इंदौर नगर निगम द्वारा बिना ट्रेड लाइसेंस चल रहीं 14 दुकानें सील:57 कारोबारियों ने कराया लाइसेंस रिन्यू
डेयरी और दुकानों पर ₹68 प्रति लीटर
नई दरों के अनुसार डेयरी और दुकानों पर दूध 68 रुपए प्रति लीटर की दर से मिलेगा। इसमें लेबर और पैकिंग मटेरियल का खर्च भी शामिल रहेगा।संघ ने दूध की दरें 5.5 से 6 फैट प्रति लीटर के मानक आधार पर निर्धारित की हैं। यानी दूध की कीमत तय करने में उसकी फैट की मात्रा को महत्वपूर्ण आधार बनाया गया है।
ये भी पढ़ें: इंदौर में अंकसूची से छेड़छाड़ का मामला! सप्लीमेंट्री को ‘पास’ बनाया, रिजल्ट अटका तो CM हेल्पलाइन पहुंची
घर पहुंच दूध के लिए भी बदले भाव
होम डिलीवरी को लेकर भी नई दर तय की गई है। अब तक घर पहुंच दूध का बंदी भाव 62 रुपए प्रति लीटर बताया गया था। इसमें होम डिलीवरी सेवा शुल्क में 1 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को सेवा शुल्क सहित करीब 65 रुपए प्रति लीटर की दर से दूध उपलब्ध कराया जाएगा।
ये भी पढ़ें: इंदौर में नकली पट्टाकांड :₹20 हजार और पुराने केस! हीरानगर TI सुशील पटेल पर गिरी गाज
पशु आहार महंगा हुआ तो फिर बढ़ सकते हैं दाम
दूध विक्रेता संघ ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में यदि पशु आहार की कीमतों में और बढ़ोतरी होती है या दूध उत्पादन की परिस्थितियां प्रतिकूल रहती हैं, तो दूध के भाव पर दोबारा विचार किया जा सकता है।बैठक में बताया गया कि कपास्या खली, चापड़ और भूसे जैसे पशु आहार की कीमतों का सीधा असर पशुपालकों की लागत पर पड़ता है। ऐसे में लागत में होने वाले बदलाव के आधार पर आगे दूध के दामों की समीक्षा की जा सकती है।
ये भी पढ़ें: इंदौर में रियल एस्टेट कारोबारी बंटी नागर की मौत, कॉल रिकॉर्ड और लेन-देन की जांच
दूध की गुणवत्ता पर भी सख्ती
बैठक में केवल कीमतों पर ही चर्चा नहीं हुई, बल्कि दूध की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर भी निर्देश दिए गए। संघ ने खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम और संबंधित न्यायालयीन आदेशों का पालन करने पर जोर दिया।प्रत्येक दूध वाहन और दूध उत्पादक के लिए खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किए जाने की बात कही गई।
ये भी पढ़ें: इंदौर-दाहोद रेल परियोजना ने पकड़ी रफ्तार!46 किलोमीटर का सफर, 2.976 KM की टनल और 4 स्टेशन
एंट्री पॉइंट पर होगी दूध की जांच
बैठक में शहर में आने वाले दूध की गुणवत्ता जांच की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। ग्वालियर हाई कोर्ट के आदेश (CONC 248/2021) के तहत शहर के प्रवेश मार्गों पर बूथ और मोबाइल लेबोरेटरी वैन के माध्यम से दूध की जांच किए जाने की व्यवस्था पर जोर दिया गया।इसका उद्देश्य शहर में आने वाले दूध की गुणवत्ता की जांच करना और मिलावट या मानकों में कमी की स्थिति में कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
डेयरी पर फैट की जानकारी दिखाना जरूरी
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए डेयरी संचालकों को दूध में मौजूद फैट की मात्रा स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे ग्राहक दूध की गुणवत्ता और निर्धारित दर के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे।




















