सिवनी मालवा: शराब में मिलावट का वीडियो वायरल, आबकारी टीम ने की जांच; लैब भेजे गए सैंपल

सिवनी मालवा। जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में टीम ने दुकान और स्टॉक रखने वाले स्थान की बारीकी से जांच की, लेकिन कहीं भी खुली शराब की बोतल या ढक्कन नहीं मिले। टीम ने देशी शराब के कुछ सैंपल लिए हैं, जिन्हें गुणवत्ता और मिलावट की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
वायरल वीडियो के बाद शराब दुकान पहुंची टीम
वायरल वीडियो के आधार पर जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में आबकारी टीम बानापुरा स्थित शराब दुकान पहुंची। टीम के साथ एडीईओ और सिवनी मालवा थाना प्रभारी नवीन पांडे भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शराब दुकान के अंदर सर्चिंग के साथ ही स्टॉक रखने वाले स्थान की भी बारीकी से जांच की।
दुकान में नहीं मिली खुली शराब की बोतल
जांच के दौरान दुकान में कहीं भी खुली शराब की बोतल या ढक्कन नहीं मिले। जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव द्विवेदी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर दुकान की जांच की गई थी और तलाशी के दौरान कोई खुली शराब की बोतल या शीशी नहीं मिली है।
देशी शराब के सैंपल लिए, लैब भेजे जाएंगे
शराब की गुणवत्ता की जांच के लिए आबकारी टीम ने देशी शराब के कुछ सैंपल लिए हैं। इन सैंपलों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि शराब की गुणवत्ता और उसमें किसी प्रकार की मिलावट की पुष्टि की जा सके।
बुधवार को भी होगी शराब दुकान की जांच
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि शराब के सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे और बुधवार को भी टीम द्वारा शराब दुकान में जांच की जाएगी। प्रशासन और आबकारी विभाग मामले को गंभीरता से लेते हुए वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रहा है।
ये भी पढ़ें: सिवनी मालवा में शराब की बोतल में मिलावट का वीडियो आया सामने, दुकान पर उठे सवाल, आबकारी विभाग करेगा जांच
पुलिस कर रही वायरल वीडियो की जांच
सिवनी मालवा थाना प्रभारी नवीन पांडे द्वारा वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कब का है और इसमें दिखाई दे रही गतिविधि किस स्थान और समय की है। जांच के बाद ही वीडियो की वास्तविकता और पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




















