ऑटो से शूटिंग सेट पर पहुंचे रजनीकांत, सादगी ने जीता फैंस का दिल; ‘धर्मन’ में निभाएंगे डॉक्टर का रोल

सुपरस्टार रजनीकांत इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘धर्मन’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। फिल्म की शूटिंग के लिए वह मैसूर पहुंचे हैं। यहां उनका सादगी भरा अंदाज देखने को मिला। रजनीकांत शूटिंग सेट पर किसी लग्जरी कार से नहीं, बल्कि ऑटो-रिक्शा से पहुंचे। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद फैंस के बीच चर्चा में है। ऑटो से उतरने के बाद रजनीकांत ने वहां मौजूद फैंस का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। फिल्म का निर्देशन अश्वथ मारिमुथु कर रहे हैं। इसे कमल हासन की कंपनी राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल और टरमरिक मीडिया के आर. महेंद्रन मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं।
‘धर्मन’ में डॉक्टर के किरदार में दिखेंगे रजनीकांत
रजनीकांत की फिल्म ‘धर्मन’ का पहला लुक इसी साल जून में जारी किया गया था। पोस्टर में वह अपने ट्रेडमार्क सनग्लासेस के साथ नजर आए थे। उनके हाथ में सर्जिकल चाकू यानी स्केल्पल था, जबकि पीछे ऑपरेटिंग थिएटर दिखाई दे रहा था। फिल्म में रजनीकांत डॉक्टर की भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ सिमरन बग्गा, राशि खन्ना और योगी बाबू भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के ऐलान के बाद से ही रजनीकांत के इस नए किरदार को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता बनी हुई है।
दो डायरेक्टर छोड़ चुके हैं ‘धर्मन’
‘धर्मन’ के निर्माण के दौरान फिल्म के निर्देशन में कई बदलाव हुए हैं। साल 2025 में जब इस प्रोजेक्ट का ऐलान हुआ था, तब सुंदर सी. को फिल्म का डायरेक्टर बनाया गया था। हालांकि बाद में उन्होंने फिल्म छोड़ दी। इसके बाद ‘डॉन’ फेम डायरेक्टर सिबी चक्रवर्ती ने फिल्म की कमान संभाली और प्री-प्रोडक्शन का काम पूरा किया। बाद में सिबी चक्रवर्ती भी फिल्म से अलग हो गए। इसके बाद अश्वथ मारिमुथु को निर्देशन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
‘जेलर 2’ की रिलीज का भी इंतजार
रजनीकांत की ‘धर्मन’ के अलावा उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ भी रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म 15 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ‘जेलर 2’ का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार कर रहे हैं। यह 2023 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जेलर’ का सीक्वल है। फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर रिटायर्ड जेलर टाइगर मुथुवेल पांडियन के किरदार में नजर आएंगे। कहानी में इस बार उनका सामना एक इंटरनेशनल क्राइम सिंडिकेट से होने की बात सामने आई है।
विद्या बालन समेत कई बड़े सितारे
‘जेलर 2’ में पहली फिल्म के कई कलाकार अपने पुराने किरदारों में लौट रहे हैं। इनमें राम्या कृष्णन और योगी बाबू शामिल हैं। वहीं सीक्वल में विद्या बालन, एस.जे. सूर्या, सूरज वेंजारामूडु, विजय सेतुपति और मिथुन चक्रवर्ती जैसे कलाकारों की एंट्री हुई है। इसके अलावा मोहनलाल, शिवा राजकुमार और जैकी श्रॉफ के कैमियो की खबरें भी सामने आई हैं। फिल्म में ऋतिक रोशन के कैमियो को लेकर भी रिपोर्ट्स सामने आई हैं।




















