Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंदौर-देपालपुर सड़क फोरलेन बनाने को कैबिनेट की मंजूरी, 700 करोड़ की लागत से बनेगी रोड; की गई आतिशबाजी

इंदौर-देपालपुर सड़क को फोरलेन बनाने के लिए मध्य प्रदेश सरकार की कैबिनेट ने मंगलवार को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में प्रदेश की 2 सड़कों के लिए करीब 4600 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की गई है, जिसमें 4 लेन की देपालपुर-इंदौर सड़क भी शामिल है।
इंदौर-देपालपुर सड़क फोरलेन बनाने को कैबिनेट की मंजूरी, 700 करोड़ की लागत से बनेगी रोड; की गई आतिशबाजी
इंदौर-देपालपुर सड़क फोरलेन बनाने को कैबिनेट की मंजूरी

देपालपुर। यह सड़क एमपीआरडीसी के द्वारा लगभग 700 करोड़ में बनेगी। विधायक मनोज पटेल लंबे समय से इसे लेकर प्रयास कर रहे थे। फोरलेन सड़क बनने के बाद इंदौर से देपालपुर के बीच आवागमन आसान और सुरक्षित होने की उम्मीद है।

देपालपुर-इंदौर सड़क को फोरलेन की मंजूरी

प्रतिदिन बढ़ते वाहनों की संख्या को देखते हुए इस सड़क के चौड़ीकरण और फोरलेन निर्माण की मांग जोर पकड़ रही थी। वर्तमान सड़क में ट्रैफिक का इतना दबाव बढ़ गया था कि देपालपुर से हातोद तक गाड़ी ओवरटेक कर सकते है, लेकिन हातोद से बुढ़ानिया तक गाड़ी को ओवरटेक करने की जगह नहीं मिलती थी। फोरलेन बनने के बाद यातायात का दबाव भी कम होगा।

सड़क के रूट को लेकर संशय बरकरार

अभी इस बात का संशय जरूर है कि यह सड़क हातोद मोड़ से सीधे उषापूरा निकालेंगे या यशवंत सागर डैम के सामने नीचे से होकर घुमाएंगे। सड़क के रूट को लेकर स्थिति स्पष्ट होने के बाद निर्माण कार्य की दिशा भी साफ होगी। फोरलेन सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

उद्योग और बड़े प्रोजेक्ट आने की उम्मीद

बड़े डॉक्टर और उद्योगपति भी छोटी सड़क की वजह से देपालपुर से दूरी बनाकर चल रहे थे, जिससे क्षेत्र काफी पिछड़ गया था। वर्तमान में यहां पर सड़क की स्थिति ज्यादा ट्रैफिक भरी होने से इंदौर के बड़े डॉक्टर देपालपुर आने से कतरा रहे थे, औद्योगिक क्षेत्र और अधिकारी कर्मचारी भी लंबी दूरी होने, सकरी रोड होने की वजह से देपालपुर से दूरी बनाकर रख रहे थे। नई चौड़ी सड़क होने से यह सब दूरियां खत्म हो जाएगी।

पश्चिमी रिंग रोड से भोपाल-खंडवा जाना होगा आसान

अब फोरलेन होने से यहां पर उद्योग, हॉस्पिटल, अन्य बड़े प्रोजेक्ट आने की उम्मीद भी बढ़ गई है। साथ ही पश्चिमी रिंग रोड का हिस्सा भी देपालपुर के ऊषापुरा में आ रहा है, जिससे देपालपुर से भोपाल जाने या खंडवा जाने के लिए शहर में होकर जाने की जरूरत अब नहीं रहेगी। इससे क्षेत्र में विकास की संभावनाएं और बढ़ने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें: 'मंडे को आना...' छुट्टी नहीं मिली तो पत्नी की मौत, फफककर रोया यूपी पुलिस का सिपाही; कर्मचारियों पर लगाए गंभीर आरोप

मंजूरी के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने की आतिशबाजी

फोरलेन सड़क की मांग पूरी होने पर भाजपा कार्यकर्ता और नगरवासियो ने जोरदार आतिशबाजी की। देपालपुर इंदौर से देपालपुर फोरलेन मंजूरी के बाद मानो इंदौर रोड पर बसे गांवों में रौनक सी आ गई है। प्रत्येक गांव की सड़कों पर आतिशबाजी कर मिठाई बांटी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधायक मनोज पटेल जिंदाबाद के नारे लगाते हुए जोरदार आतिशबाजी की। देपालपुर के प्रमुख चमन चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नगर परिषद अध्यक्ष महेशपुरी, उपाध्यक्ष गोपाल कटेशरिया, विधायक प्रतिनिधि ईश्वरी प्रकाश शर्मा, सांसद प्रतिनिधि आहूजा, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष चन्द्रजीत पप्पू यादव, पार्षद विमल यादव, दीनदयाल चौबे, महामंत्री मुकेश जैन, रवि चौरसिया, सतीस मारू, श्याम गोयल, उदय पूरी, पवन गोस्वामी, भारत यादव, लखन धाकड़ आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। 

Bharat Tanwar
By Bharat Tanwar

Latest Posts