इंदौर में गरबा के दौरान दूसरे युवक के साथ दिखी प्रेमिका:विवाद के बाद चिराग ने खाया जहर- मौत

इंदौर। शहर के बाणगंगा इलाके में 23 वर्षीय चिराग सेन उर्फ लाला की मौत के बाद मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और दोस्तों ने चौराहे पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मामले में एक युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे थे। इस दौरान करीब 200 लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों के हाथों में चिराग के पोस्टर थे, जिन पर ‘जस्टिस फॉर चिराग’ लिखा हुआ था। करीब आधे घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण इलाके में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
भजन मंडली में काम करता था चिराग
बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम सिंह गुर्जर के मुताबिक, वृंदावन कॉलोनी निवासी चिराग सेन उर्फ लाला भजन मंडली में काम करता था। बताया गया है कि वह भाजपा नेताओं के संपर्क में भी था। चिराग का बाणगंगा क्षेत्र में रहने वाली निशा नामक युवती के साथ पिछले चार वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस दौरान दोनों के बीच कई बार विवाद होने की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, पिछले करीब पांच महीनों से दोनों साथ रह रहे थे।
ये भी पढ़ें: इंदौर में रावण दहन के दौरान पटाखे की चिंगारी से बिल्डिंग की छत पर लगी आग, ट्रांसपोर्ट नगर में मची अफरा-तफरी
गरबा खेलने को लेकर हुआ था विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार को चिराग ने निशा को एक अन्य युवक के साथ गरबा खेलते हुए देख लिया था। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद गुस्से में आकर चिराग ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर एक दोस्त उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उसका उपचार किया गया। हालांकि, सोमवार को चिराग की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
ये भी पढ़ें: इंदौर में गरबा के बीच गोलीकांड! बेटे से विवाद की खबर मिलते ही रिवॉल्वर लेकर पहुंचा पिता, युवक की मौत
अंतिम संस्कार से पहले शव लेकर चौराहे पर पहुंचे परिजन
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन चिराग का शव लेकर चौराहे पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। चिराग के दोस्त भी बड़ी संख्या में वहां मौजूद थे। प्रदर्शनकारियों ने युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और मामले में कार्रवाई की मांग उठाई। हाथों में पोस्टर लेकर पहुंचे दोस्तों ने ‘जस्टिस फॉर चिराग’ के जरिए अपना विरोध जताया। अचानक हुए प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किए जाने की जानकारी मिलते ही एसीपी रुबिना मिजवानी और बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम सिंह गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और दोस्तों से बातचीत की तथा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारियों को वहां से रवाना किया गया।
ये भी पढ़ें: इंदौर में रावण दहन से पहले हादसा, शॉर्ट सर्किट से पुतले में लगी आग
युवती के खिलाफ कार्रवाई की मांग
चिराग की मौत के बाद परिजन और दोस्त घटना को लेकर सवाल उठा रहे हैं तथा युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस मामले से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही है। फिलहाल, घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। मामले में किसी के खिलाफ आरोपों को सिद्ध तथ्य नहीं माना जा सकता; पुलिस की जांच और आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।




















