सीहोर में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि, भव्य परेड का आयोजन
सीहोर। समारोह में शहीद जवानों के अदम्य साहस और बलिदान को याद करते हुए पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और न्यायिक अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने देशभर में शहीद हुए 154 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के नामों का वाचन किया।
154 शहीदों को किया नमन
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक की अवधि में देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए राज्य पुलिस बल, केंद्रीय पुलिस बल और अन्य पुलिस संगठनों के 154 अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम पढ़कर सुनाए। इन बलिदानियों में मध्यप्रदेश पुलिस के नौ वीर जवान भी शामिल हैं। शहीदों का स्मरण करते हुए उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की सुरक्षा में उनके योगदान को नमन किया।
ये भी पढ़ें: मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख की तबीयत बिगड़ी, एयर एंबुलेंस से हैदराबाद शिफ्ट
1959 के हॉट स्प्रिंग्स बलिदान की याद में मनाया जाता है स्मृति दिवस
समारोह में एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने पुलिस स्मृति दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के दुर्गम हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में लगभग 16 हजार फीट की ऊंचाई पर तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की गश्ती टुकड़ी पर चीनी सेना ने हमला किया था। विषम परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद जवानों ने अदम्य साहस के साथ मुकाबला किया। इस संघर्ष में सीआरपीएफ के दस जवानों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्हीं वीर जवानों की स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
परेड में जवानों ने दी सलामी
रक्षित केंद्र में आयोजित परेड के दौरान अनुशासन, सम्मान और कर्तव्यनिष्ठा का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। स्मृति दिवस परेड की कमान सूबेदार अजय भिरे एवं पीसी गणेश सिंह डामोर ने संभाली। परेड में शामिल प्लाटूनों ने शोक शस्त्र की कार्रवाई करते हुए अमर शहीदों को सलामी दी। उपस्थित लोगों ने मौन रखकर वीरगति प्राप्त जवानों को याद किया और उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
न्यायिक, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने अर्पित किए पुष्पचक्र
कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार अग्रवाल, जिला कलेक्टर बाला गुरु के., द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश महेश वर्मा, जिला रजिस्ट्रार अरविंद सिंह गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड नीलमड़ी, एसडीओपी प्रेमनारायण गोयल, डीएसपी अजाक प्रवीण चढ़ोकर और रक्षित निरीक्षक उपेंद्र यादव सहित पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी।
शहीदों का बलिदान पुलिस बल की प्रेरणा
पुलिस स्मृति दिवस ने एक बार फिर याद दिलाया कि वर्दी केवल जिम्मेदारी का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्र और नागरिकों की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने का संकल्प भी है। शहीद पुलिसकर्मियों की वीरता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। समारोह में वीर बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया गया।























