हमीदिया अस्पताल में अंधाधुंध फायरिंग :पुरानी रंजिश से जुड़ा मामला, सभी बदमाश फरार

भोपाल। राजधानी भोपाल में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, यहां बदमाशों ने खुलेआम फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने पहले एक घर पर हमला किया और बाद में घायल युवक का पीछा करते हुए अस्पताल तक पहुंच गए और फिर वहां भी गोलियां चलाई। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
घर में घुसकर 8-9 राउंड में फायरिंग की
जानकारी के मुताबिक हमीदिया अस्पताल के पास रहने वाले पुराने बदमाश लल्लू रईस से दुश्मनी के चलते आरोपी शादाब गेट और उसके साथियों ने पहले उसके घर में घुसकर करीब 8 से 9 राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग के दौरान लल्लू रईस का बेटा इमरान घायल हो गया, जिसके पैर में गोली लग गई।
यह भी पढ़ें: भोपाल: नगर निगम में लोकायुक्त का छापा, फर्जी बिलों से भुगतान मामले में जांच
बेटे को अस्पताल ले जाते समय भी फायरिंग की
घटना के बाद परिजन घायल इमरान को तुरंत इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि आरोपी बदमाश उनका पीछा करते हुए अस्पताल तक पहुंच गए। इससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर भी चली गोली, गार्ड सुरक्षित
बताया जा रहा है कि आरोपी शादाब गेट और उसके साथी अस्पताल के इमरजेंसी गेट तक पहुंच गए और वहां भी फायरिंग कर दी। गोली इमरजेंसी गेट के कांच में जा लगी। इस दौरान वहां मौजूद एक सुरक्षा कर्मी बाल-बाल बच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस की मुखबरी बनी विवाद की जड़
लल्लू रईस ने मीडिया को बताया कि उसकी और शादाब गेट की लंबे समय से दुश्मनी चल रही है। उनके अनुसार वह और उसके लोग इलाके में चल रहे जुआ-सट्टे की जानकारी पुलिस को देते थे, जिससे आरोपी उनसे रंजिश रखने लगे थे। रईस ने यह भी बताया कि इससे पहले भी आरोपी शादाब गेट उनके बेटे इमरान पर चाकू से हमला कर चुका है।
सुबह 5:30 बजे अंधाधुंध फायरिंग
जानकारी के अनुसार करीब 7 से 8 बदमाश शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे लल्लू रईस के घर पहुंचे थे। उन्होंने आते ही अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोलियों की आवाज सुनकर इमरान घर से बाहर निकला, तभी बदमाशों ने उसके पैर में गोली मार दी।
जांच में जुटी कोहेफिजा पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कोहेफिजा थाना और टीला जमालपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी शादाब गेट ऐशबाग क्षेत्र का निगरानी बदमाश है और वह छह महीने पहले ही हत्या के एक मामले में जमानत पर बाहर आया था। फिलहाल आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें रवाना कर दी गई हैं।











