भारत-अमेरिका ट्रेड डील से पहले बड़ी राहत,ट्रंप प्रशासन ने भारत की 4 कंपनियों से हटाए प्रतिबंध

भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर बातचीत अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने भारत के लिए एक अहम फैसला लिया है। अमेरिका के वित्त विभाग ने भारत की चार कंपनियों को अपनी प्रतिबंधित सूची से बाहर कर दिया है।
इन चार भारतीय कंपनियों से हटाया गया प्रतिबंध
अमेरिकी वित्त विभाग के फैसले के अनुसार हैदराबाद की आरआरजी इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड और लोकेश मशीन्स लिमिटेड, अहमदाबाद की गैलेक्सी बेयरिंग्स लिमिटेड तथा दिल्ली की शौर्य एरोनॉटिक्स प्राइवेट लिमिटेड को अब प्रतिबंधित कंपनियों की सूची से हटा दिया गया है। इन कंपनियों के नाम अमेरिकी प्रतिबंध सूची से हटने के बाद इनके लिए अंतरराष्ट्रीय कारोबार के नए रास्ते खुल सकते हैं।
क्या होती है SDN लिस्ट?
अमेरिका के वित्त विभाग का ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल (ओएफएसी) जिन कंपनियों या व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगाता है, उन्हें स्पेशली डिजिग्नेटेड नेशनल्स (एसडीएन) सूची में शामिल किया जाता है। इस सूची में आने के बाद संबंधित कंपनियों या व्यक्तियों की अमेरिकी अधिकार क्षेत्र में मौजूद संपत्तियां फ्रीज कर दी जाती हैं। साथ ही अमेरिकी कंपनियों और नागरिकों के साथ उनका कारोबार भी सीमित हो जाता है।
2024 में रूस से जुड़े आरोपों के बाद लगी थी कार्रवाई
इन चार कंपनियों पर कार्रवाई करीब दो साल पहले की गई थी। वर्ष 2024 में ओएफएसी ने एक कार्यकारी आदेश के तहत भारत की 21 संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाया था। इनमें 19 कंपनियां और दो व्यक्ति शामिल थे। अमेरिका का आरोप था कि ये संस्थाएं रूस सरकार से जुड़े नेटवर्क की मदद कर रही थीं। इसी आधार पर इन्हें एसडीएन सूची में शामिल किया गया था।












