ट्राई सीरीज :इंडिया-ए ने पहले वनडे में श्रीलंका-ए को 8 रन से हराया, अरशद ने आखिरी ओवर में 3 विकेट लेकर पलटा मैच

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल के कई सितारों से सजी भारत ए टीम ने श्रीलंका ए के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज कर ट्राई सीरीज की शानदार शुरुआत की। एक समय ऐसा लग रहा था कि मुकाबला पूरी तरह श्रीलंका की झोली में जा चुका है, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में जबरदस्त वापसी करते हुए लगभग हारा हुआ मैच 8 रन से अपने नाम कर लिया।
ऋतुराज गायकवाड़ ने खेली शतकीय पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर प्रभसिमरन सिंह सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 14 रन ही बना सके। तीसरे नंबर पर आए प्रियांश आर्या 32 रन बनाकर रन आउट हो गए।
शुरुआती झटकों के बाद ऋतुराज गायकवाड़ और कप्तान तिलक वर्मा ने पारी को संभाला। दोनों के बीच 150 रन की शानदार साझेदारी हुई। गायकवाड़ ने 114 गेंदों में 101 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने 97 गेंदों पर 60 रन बनाए। अंत में आयुष बडोनी (24) और सूर्यांश शेडगे (26) की तेज पारियों की बदौलत भारत ने 277 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
श्रीलंका की दमदार शुरुआत
278 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ए की शुरुआत शानदार रही। निरोशन डिकवेला (47) और अविष्का फर्नांडो (45) ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़े। इसके बाद सदीरा समरविक्रमा (46) और कप्तान सहान अरच्चिगे (74) ने चौथे विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी कर टीम को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया।
यह भी पढ़ें: सूर्यकुमार यादव ने मुंबई इंडियंस को किया अनफॉलो! क्या खत्म होने वाला है 8 साल पुराना रिश्ता?
आखिरी चार ओवर में पलटा मैच
46 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 256/6 था और उसे जीत के लिए सिर्फ 22 रन चाहिए थे। यहां से भारतीय गेंदबाजों ने कमाल दिखाया। अरशद खान और अंशुल कंबोज ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए रन गति पर रोक लगाई। कंबोज ने कप्तान सहान अरच्चिगे का अहम विकेट लिया, जबकि 49वें ओवर में अरशद खान ने एक विकेट और एक रन आउट के साथ श्रीलंका की उम्मीदें खत्म कर दीं। पूरी टीम 269 रन पर सिमट गई और भारत ने 8 रन से यादगार जीत दर्ज की।
अब अफगानिस्तान ए से होगा अगला मुकाबला
भारत ए, श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के बीच खेली जा रही इस ट्राई सीरीज में भारत ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। टीम का अगला मुकाबला 11 जून को अफगानिस्तान ए के खिलाफ होगा। सीरीज में हर टीम अन्य दोनों टीमों से दो-दो मैच खेलेगी, जबकि शीर्ष दो टीमें 21 जून को फाइनल में भिड़ेंगी।











